‘सिर में खून का थक्का, कई चोट के निशान’, दीपिका नागर की PM रिपोर्ट में क्या सामने आया?

नोएडा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है. रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के सिर में खून का थक्का जमा हो गया था. उसकी किडनी पीली पड़ गई थीं. साथ ही शरीर पर अनगिनत खौफनाक चोटें पाई गई हैं.

दीपिका नागर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में हुई विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत हो गई थी. दीपिका के परिजनों ने उसके ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का खुलासा किया था. अब मृतका का पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गया है. रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर कई गंभीर बाहरी और आंतरिक चोटो का जिक्र है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के शरीर पर चोट, सूजन, गहरे घाव और दबाव के निशान मिले हैं. अंदरूनी जांच में मस्तिष्क में रक्त का थक्का जमने, किडनी पीली पड़ने और शरीर के हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव सामने आया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच और गंभीरता से आगे बढ़ा रही है.

चेहरे हाथ और जांघ पर गंभीर चोटों के निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक मृतक के दाहिने चेहरे पर करीब 12 सेमी लंबा और 9 सेमी चौड़ा गहरा कंटीयूजन यानी सूजन और चोट का निशान मिला है. इसके अलावा बाएं हाथ की कोहनी पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं. रिपोर्ट में सबसे गंभीर बाहरी चोट दाहिनी जांघ पर बताई गई है. यहां करीब 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा नीला दबाव चिह्न मिला है.

कमर और पेट पर भी चोट का निशान

डॉक्टर ने बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव मिलने की पुष्टि भी की है. वहीं, कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोट के निशान पाए गए हैं. डॉक्टर के अनुसार शरीर पर मौजूद चोटों के निशान किसी गंभीर आघात या हिंसक घटना की ओर संकेत कर रहे हैं.पोस्टमार्टम करने वाली टीम ने विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया गया है.अब टेक्नोलॉजी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी.

विसरा जांच के लिए भेजा गया

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विसरा रिपोर्ट जांच का अहम हिस्सा होगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी. वहीं, दीपिका की मौत के बाद मायके पक्ष ने सुसराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे. परिवार का दावा है कि शादी में स्कॉर्पियो गाड़ी, लाखों रुपए का सोना और भारी नगदी देने के बावजूद ससुराल पक्ष की मांगे खत्म नहीं हुई. परिजनों का आरोप है कि दीपिका पर फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपए लेने का दबाब बनाया जा रहा था और लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था.

पति और ससुर पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पहले ही पति और ससुर को गिरफ्तार कर चुकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद अब जांच एजेंसी हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधि कार्रवाई की जाएगी. मृतका दीपिका नागर के पिता संजय ने उसके ससुराल वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी को पहले पीटा गया और फिर उसके बाद में उसे छत से फेंक दिया गया. इसके चलते उसकी मौत हो गई.

Follow Us