‘जीते जी उसे बचाऊंगा…’ जाम छलकाते हुए राजा भैया के ‘भाई’ ने पोस्ट की फोटो, भाभी को क्यों किया टैग?

राजा भैया के करीबी एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने भानवी सिंह को टैग कर शराब पीते हुए एक तस्वीर पोस्ट की, जिससे विवाद गहरा गया है. यह पोस्ट भानवी सिंह द्वारा उन पर जालसाजी और करीब 5 करोड़ की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराने के ठीक बाद आई है. इस घटना ने राजा भैया के परिवार के भीतर चल रहे संपत्ति और तलाक के लंबित मामलों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.

एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह Image Credit:

जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के एमएलसी व राजा भैया के करीबी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. यह तस्वीर खुद अक्षय प्रताप सिंह ने ही पोस्ट की है. इस तस्वीर में वह शराब पीते नजर आ रहे हैं. पूर्व में सांसद रह चुके अक्षय प्रताप सिंह के हाथ में जाम है, सामने टेबल पर काफी महंगी शराब की बोतल के साथ आईसक्यूब का कंटेनर है. वैसे तो उनके लिए यह सामान्य बात है, लेकिन तस्वीर वायरल होने की वजह कुछ और ही है.

दरअसल, अक्षय प्रताप सिंह ने इस तस्वीर को राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को टैग किया है. साथ ही इसमें महाकवि रामधारी सिंह दिनकर की कुछ पंक्तियां भी ‘जिस नर की बांह गही मैंने, जिस तरु की छांह गही मैंने, उसपर ना वार चलने दूंगा, कैसे कुठार चलने दूंगा, जीते जी उसे बचाऊंगा, या स्वयं आप कट जाऊंगा…’ लिखी हैं. एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह के इस पोस्ट को भानवी सिंह के लिए एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है.

एक दिन पहले ही दर्ज हुई है FIR

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह की तहरीर पर अक्षय प्रताप सिंह के खिलाफ एक दिन पहले ही लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में जालसाजी का मुकदमा दर्ज हुआ है. पुलिस ने स्पेशल जज एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है. कोर्ट में दाखिल अपनी इस्थगासा में राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अक्षय प्रताप और उनके सहयोगियों पर साझेदारी वाली फर्म पर कब्जा करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि इस फर्म को 10 फरवरी 2014 को बनाया गया, लेकिन नवंबर 2020 में फर्म का पता बदलकर अक्षय प्रताप के निजी आवास का पता दर्ज करा दिया गया. इसी के साथ भानवी सिंह ने करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के भी आरोप लगाए हैं.

अक्षय प्रताप को HC से नहीं मिली राहत

सीजेएम कोर्ट के आदेश के खिलाफ एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने हाईकोर्ट में अपील किया था, लेकिन हाईकोर्ट ने उनकी अपील को खारिज करते हुए निचली अदालत के आदेश को सही माना था. इसके बाद ही हजरतगंज कोतवाली पुलिस ने अक्षय प्रताप सिंह, रोहित सिंह, अनिल सिंह और रामदेव यादव आदि के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है. इस एफआईआर के सूचना मिलने पर अक्षय प्रताप ने यह फोटो भानवी सिंह को टैग करते हुए पोस्ट किया है. इसमें एक तरह से भानवी सिंह को चैलेंज किया है.

लंबित है तलाक का मामला

राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच का विवाद काफी समय से कोर्ट में लंबित है. भानवी सिंह ने दिल्ली की अदालत में राजा भैया के खिलाफ तलाक की अर्जी लगाई है. कोर्ट के बाहर भी भानवी सिंह राजा भैया के ऊपर अक्सर सोशल मीडिया पर हमले करती रहती हैं. हालांकि राजा भैया तो उनकी किसी भी पोस्ट पर जवाब नहीं देते, लेकिन राजा भैया के दोनों बेटे अपनी मां की हर पोस्ट के खिलाफ पोस्ट करते हैं और करारा जवाब देने की कोशिश करते हैं. इसी प्रकार अक्षय प्रताप सिंह भी अपनी भाभी को सोशल मीडिया में ही जवाब देते हैं.

Follow Us