पत्नी के बांधे हाथ-पांव, प्राइवेट पार्ट में करंट लगाकर दी मौत; क्यों पति से हैवान बना 5 बच्चों का बाप?

उत्तर प्रदेश के रामपुर में संपत्ति विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी. आरोपी ने पांच बच्चों की मां नसरीन के हाथ-पांव बांधकर उसके प्राइवेट पार्ट में कई बार बिजली के झटके दिए, जिससे उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्रूरता की पुष्टि हुई है. पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

उत्तर प्रदेश के रामपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक पांच बच्चों के बाप ने अपनी पत्नी संग ऐसी हैवानियत की, जिसे सुनकर ही रूह कांप जाए. आरोपी ने पहले पत्नी के हाथ-पांव बांधे, फिर उसके प्राइवेट पार्ट में एक दो बार नहीं, बल्कि छह बार करंट के लंबे झटके दिए. इस वजह से उसकी मौत हो गई. यह अमानवीय वारदात आरोपी ने जमीन और पैसों के लालच में अंजाम दिया है. मामला रामपुर के बिलासपुर इलाके का है.

पुलिस के मुताबिक मृत महिला की पहचान नसरीन (30 वर्ष) के रूप में हुई है. उसकी शादी साल 2013 में आरोपी इसरार उर्फ गुड्डू के साथ हुई थी. इसके बाद उसे पांच बच्चे हुए. इसी दौरान नसरीन के माता-पिता का निधन हो गया था और उनकी सारी संपत्ति सात बेटियों के नाम दर्ज हो गई थी. इसी संपत्ति को बेचकर पैसे लाने के लिए आरोपी इसरार नसरीन पर लगातार दबाव बना रहा था. आरोप है कि 14 अगस्त की रात किराए के मकान में आरोपी पति इसरार ने अपने परिजनों के साथ मिलकर नसरीन के हाथ-पैर बांधे और उसके शरीर पर बिजली के छह गंभीर झटके दिए थे.

पोस्टमार्टम में हुई क्रूरता की पुष्टि

पुलिस के मुताबिक इस क्रूरता की वजह से महिला के प्राइवेट पार्ट सहित शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी इस नृशंस प्रताड़ना और मौत के खौफनाक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हुई है. पांच बच्चों का पिता होने के बावजूद आरोपी पति की इस हैवानियत से पूरा इलाका हैरान है. पुलिस ने पीड़िता के चाचा की तहरीर पर पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, पुलिस ने मुख्य आरोपी इसरार को गिरफ्तार करते हुए उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बिजली का तार बरामद किए हैं. हालांकि अन्य पांच आरोपी अभी फरार हैं.

एक्शन में पुलिस

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले की जांज तेज कर दी है. इस रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने महिला के हाथ पांव बांधकर पहले उसे असहाय बनाया. फिर उसके नाजुक अंगों पर बिजली के छह झटके दिए. रामपुर पुलिस के मुताबिक फोरेंसिक टीम की मदद से मामले की जांच की जा रही है. घटना से जुड़े सभी तथ्यों और सबूतों को जुटाने के बाद मजबूत चार्जशीट कोर्ट में पेश की जाएगी. इसी के साथ फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

Follow Us