गर्म समोसे ही तो मांगे थे… हलवाई ने वकील को धुन डाला, 6 महीने बाद दर्ज हुई FIR

बनारस में गर्म समोसे मांगने पर एक वकील को हलवाई ने पीट दिया था. छह महीने पहले हुई इस घटना में वकील के पैसे और चेन भी छीन लिए गए. पुलिस की लापरवाही के बाद, पीड़ित वकील ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. अब कोर्ट के आदेश पर हलवाई के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. यह मामला पुलिस और न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाता है.

सांकेतिक तस्वीर, इमेज सोर्स: META AI Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बनारस में दो गर्म समोसे की लड़ाई का मामला अब कोर्ट पहुंच गया है. कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए पुलिस को मुकदमा दर्ज कर चालान पेश करने को कहा है. मामला बनारस के ही पाण्डेयपुर में रहने वाले एक वकील शिवशंकर सिंह से जुड़ा है. छह महीने पहले चंदौली लौटते समय उन्होंने जाल्हूपुर बाजार में एक हलवाई की दुकान से दो समोसे खरीदे थे. समोसे ठंडे थे तो उन्होंने हलवाई को गर्म करने के लिए कहा.

उन्हें क्या पता कि ऐसा कहना भी गुनाह है. दुकानदार ने इस बात से खफा होकर ना केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि साढ़े 19 हजार रुपये नगद और सोने की चेन आदि छीन ली. यह वारदात छह महीने पहले की है. इस संबंध में पीड़ित वकील ने पहले चौबेपुर थाने में न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उन्हें तीन घंटे तक बैठाए रखने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की. इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से गुहार लगाई, लेकिन वहां भी केवल आश्वासन ही मिला.

फिर कोर्ट में दाखिल किया इस्थगासा

आखिर में वकील शिवशंकर सिंह ने बनारस कोर्ट में इस्थगासा दाखिल किया. इसमें उन्होंने पूरी वारदात को बयां किया है. उन्होंने बताया कि बीते 22 फरवरी को वह किसी काम से चंदौली गए थे. वापसी में भूख लगने पर उन्होंने जाल्हूपुर बाजार में हलवाई की दुकान पर दो समोसे खरीदे. दुकानदार ने समोसे तो दिए, लेकिन वो ठंडे थे. इसलिए उन्होंने गर्म करने के लिए कहा. इसी बात पर दुकानदार भड़क गया. कहा कि ” तुम कहीं के कलेक्टर हो क्या जो तुमको गर्म समोसा दें”.

विरोध करने पर की मारपीट

शिवशंकर सिंह ने बताया कि उन्होंने इसका विरोध किया तो दुकानदार गुप्तेश्वर सिंह, उनके बेटे और नौकर ने मिलकर बुरी तरह से मारपीट की और 19,500 रूपये और सोने की चेन भी छीन ली. उन्होंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई ना होने पर उन्होंने कोर्ट में न्याय की गुहार लगाई. आखिरकार छह महीने बाद एसीजेएम कोर्ट के आदेश पर 14 अगस्त को चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है.

Follow Us