पार्टी में परोसा जाना था 650 किलो जहरीला पनीर, खाद्य विभाग ने JCB से किया नष्ट; बच गईं हजारों जानें
सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी पनीर पर बड़ी कार्रवाई की है. करीब 650 किलो मिलावटी और जहरीला पनीर को JCB की मदद से नष्ट कर दिया. इसे एक पार्टी में मेहमानों को परोसे जाने के लिए तैयार किया गया था, खाद्य विभाग की टीम ने समय रहते कार्रवाई कर हजारों लोगों की जान बचाई है.
सहारनपुर में एक पार्टी में मेहमानों को परोसे जाने के लिए तैयार किया गया खतरनाक और मिलावटी पनीर, समय रहते प्रशासन की कार्रवाई की भेंट चढ़ गया. छापेमारी कुछ ही घंटे पहले हुई, वरना यही पनीर लोगों की थालियों तक पहुंचने वाला था. खाद्य विभाग की टीम ने पनीर के सैंपल लेकर मौके पर जांच की और इसे नष्ट कर दिया.
खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर मनिहारान कस्बे में गुप्त सूचना के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की है. टीम को सूचना मिली थी कि एक निजी परिसर में भारी मात्रा में पनीर अवैध रूप से रखा गया है, जिसे एक कार्यक्रम और पार्टी में सप्लाई किया जाना है. टीम ने करीब 6.5 कुंतल पनीर को जेसीबी की मदद से उसको गड्ढे में दबा दिया.
न साफ-सफाई न ही भंडारण का लाइसेंस
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जब परिसर की जांच की गई तो वहां से करीब 6.5 कुंतल यानी लगभग 650 किलोग्राम पनीर बरामद हुआ. जांच के दौरान जो तस्वीर सामने आई, वह बेहद चौंकाने वाली थी. पनीर बेहद गंदी, दुर्गंधयुक्त और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था. भंडारण का लाइसेंस भी नहीं था.
बताया गया कि यह पनीर दीपचंद पुत्र रघुवीर के परिसर में रखा गया था और इसे बाहर से मंगाकर यहां अवैध रूप से स्टोर किया गया था. विभागीय सूत्रों के मुताबिक, यही पनीर पास ही आयोजित होने वाली एक पार्टी में मेहमानों को परोसा जाना था और कुछ को बाजार में सप्लाई करना था. गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही सख्त फैसला लिया.
पनीर बेहद खतरनाक पाया गया- सहायक आयुक्त
सहायक आयुक्त खाद्य अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पनीर मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक पाया गया है. ऐसे हालात में रखे गए खाद्य पदार्थ से फूड प्वाइजनिंग और गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है. इसे तुरंत जेसीबी मशीन मंगाकर गड्ढा खुदवाया गया और पूरे 650 किलोग्राम पनीर को वहीं दबाकर नष्ट करा दिया गया.
कार्रवाई के दौरान पनीर के दो नमूने विधिवत रूप से लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा ये पनीर किस जगह बना ओर सहारनपुर के अलावा उसकी कहां-कहां सप्लाई होनी थी इसकी जांच भी की जा रही है.