ग्रेटर नोएडा में नितिन नागर की दिनदहाड़े निर्मम हत्या, पत्नी बोली- मेरे सामने काट दिया पति का गला
ग्रेटर नोएडा के लुकसर गांव में दिनदहाड़े हुई हत्या ने सबको चौंका दिया है. कोर्ट पेशी से पहले नितिन नागर की गोली मारकर और गला काटकर निर्मम हत्या कर दी गई.यह पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई. नितिन की पत्नी ने भी अपनी आंखों के सामने पति को खो दिया, उसने कहा, मेरे सामने पकि का गला काट दिया गया.
ग्रेटर नोएडा के लुकसर गांव में मंगलवार को इंसानियत और कानून व्यवस्था दोनों को कटघरे में खड़ा कर दिया गया. कोर्ट पेशी पर जाने से ठीक पहले नितिन नागर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरो न सिर्फ ताबड़तोड़ फायरिंग की बल्कि जमीन पर गिरने के बाद धारदार हथियार से उसका गला भी काट दिया.
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस वक्त गोली चल रही थी उसी गली में छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे, पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. सीसीटीवी में साफ देखा जा सकता है कि नितिन के गिरते ही एक आरोपी ने चाकू से उसका गला काट दिया. फिर बड़े आराम से वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पत्नी और बच्चों के बीच आरोपी ने काटा गला
नितिन की पत्नी ने रोते हुए बताया कि जब गोली चलने और चीख पुकार की आवाज आई तो वह घर के बाहर देखने के लिए दौड़ पड़ी. इसी बीच हमलावर ने उसे बंदूक दिखाकर धमका दिया. पत्नी का आरोप है कि मेरे सामने ही आरोपी ने मेरे पति को गोली मारी और उसे गला काट दिया. मैं चीखते रही लेकिन कोई कुछ नहीं कर पाया.
घटना के समय गली में कई बच्चे खेल रहे थे, गोली चलने की आवाज सुनते ही बच्चे घबराकर इधर-उधर भागने लगे. गनीमत रही कि किसी भी बच्चे को गोली नहीं लगी वरना यह वारदात कई मासूम जिंदगी को भी निगल सकती थी. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित है.
पुरानी रंजिश में हत्या के वारदात को दिया अंजाम
ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है नितिन और हमलावर पक्ष के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी. करीब 1 वर्ष पहले एक हत्या मामले में नितिन मुख्य आरोपी था. वह पिछले साल रक्षाबंधन से 3 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था. सोमवार को इस मामले में उसकी कोर्ट में तारीख थी.
वहीं, पूरी घटना पास में लगी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरो की पहचान और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में साफ हुआ है कि हमला सुनियोजित था और हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है. इस घटना के बाद एक बार फिर ग्रेटर नोएडा शहर चर्चाओं में आ गया है. लेकिन इन सब के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है की दिनदहाड़े बच्चों के बीच चली गोलियां और पत्नी के सामने की गई इस निर्मल हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.