पानी के लिए हुआ था आदित्य खटाना का कत्ल, सहारनपुर मर्डर केस में बड़ा खुलासा

सहारनपुर में आदित्य खटाना हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 10 मई को ITI के पास आदित्य का शव बरामद हुआ था. वहीं, पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है. उसने बताया कि पानी मांगने को लेकर विवाद हुआ था.

आदित्य खटाना हत्याकांड का खुलासा, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार Image Credit:

सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र में हुए आदित्य खटाना हत्याकांड का पुलिस ने शनिवार को खुलासा किया है. साथ ही पुलिस ने हत्या के बाद से फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. पैर में गोली लगने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लि.या है. वहीं, अब आरोपी का कबूलनामा और घटना से जुड़ा सीसीटीवी वीडियो भी चर्चा का विषय बना हुआ है.

दरअसल, 10 मई को ग्राम इस्सोपुर स्थित ITI के पास आदित्य खटाना का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला था. वह इंटर कॉलेज में चौकीदार के रूप में कार्यरत था. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. थाना गंगोह पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी, गुप्त सूचना पर बिडौली कुण्डा बंदे के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया गया.

मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली

थाना गंगोह पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. इस बीच शुक्रवार देर रात पुलिस बिडौली कुण्डा बंदे के पास चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी आशु पुत्र देवेंद्र निवासी अमलापुर थाना झिंझाना, जनपद शामली हथियार लेकर पिलखन वाली के पास मौजूद है. सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची.

लेकिन आरोपी आशु ने जैसे ही पुलिस टीम को देखा, उसने फायरिंग कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी आशु के दाहिने पैर में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है.

आदित्य के पास पानी मांगने गया था- आरोपी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी आशु ने कैमरे पर अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि वह आदित्य के पास पानी मांगने गया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. आरोपी के मुताबिक, आदित्य शराब के नशे में था और उसके पास मौजूद चाकू से हमला करने लगा. बचाव के दौरान छीना-झपटी में चाकू आदित्य को लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

इसी बीच घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दे रही हैं. दावा है कि उसमें मृतक आदित्य की चीखें सुनाई दे रही हैं. हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन उसे जांच में शामिल किया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है.

Follow Us