‘बहुत समझाया, लेकिन वह नहीं मानी, इसलिए मार दी गोली’, पुलिस कस्टडी में बहन की हत्या करने वाले भाई का कबूलनामा

सहारनपुर में प्रेम प्रसंग के चलते बहन से नाराज भाईयों ने 23 मार्च यानी सोमवार को पुलिस कस्टडी में गोली मार दी थी. अब युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. घटना के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी मोंटी राणा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर वारदात की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि 'बहुत समझाया था, नहीं मानी, इसलिए गोली मार दी'. अब पुलिस ने मोंटी को गिरफ्तार कर लिया है.

गोली मारकर बहन की हत्या करने वाला आरोपी मोंटी Image Credit:

सहारनपुर के फतेहपुर क्षेत्र में दूसरी बिरादरी के युवक से प्रेम प्रसंग से नाराज भाईयों ने बहन को पुलिस कस्टडी में ही गोली मार दी थी. युवती का इलाज ऋषिकेश स्थित एम्स में चल रहा है. उसकी स्थिति बेहद गंभीर थी. अब मगंलवार देर रात उसकी मौत हो गई. अब आरोपी भाई ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो डाला है. इस वीडियो में वह यह कहते हुए दिख रहा कि बहन को काफी समझाया था, लेकिन वह नहीं मानी, इसलिए गोली मार दी.

रामखेड़ी गांव निवासी राखी 16 मार्च को मोहम्मदपुर कंधेला निवासी युवक लवकुश के साथ चली गई थी. इस पर परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था. सोमवार यानी 23 मार्च को युवती खुद फतेहपुर थाने पहुंची, जहां परिजनों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही. फिर पुलिस उसे मेडिकल के लिए फतेहपुर सीएचसी ले गई. इसी दौरान पुलिस कस्टडी में ही उसके भाई मोंटी राणा और रवि ने उसे गोली मार दी थी.

बहन ने बात नहीं मानी तो मार दी गोली

गंभीर हालत में उसे पहले सहारनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर हालत बिगड़ने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी मोंटी राणा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर वारदात की जिम्मेदारी ली थी. उसने कहा था कि बहन को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी, इसलिए गुस्से में गोली मार दी. उसने दावा किया कि इस घटना में परिवार का कोई अन्य सदस्य शामिल नहीं है.

आरोपी मोंटी गिरफ्तार, रवि की तलाश जारी

अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मोंटी को गिरफ्तार कर लिया है. उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है. वहीं दूसरे आरोपी रवि की तलाश जारी है. इस घटना के बाद गांव रामखेड़ी में सन्नाटा पसरा हुआ है. लोग इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. युवती के घर पर मातम का माहौल है. परिजन भी किसी से बातचीत करने को तैयार नहीं हैं. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Follow Us