ड्राइवर के बगल में बैठे बच्चे ने घुमा दी स्टीयरिंग, गड्ढे में पलटी डीसीएम, 12 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
सहारनपुर में एक डीसीएम पलट कर गड्ढे में गिरने से 12 लोगों के घायल होने की खबर है. इसमें कई की हालत गंभीर है. कहा जा रहा है कि ड्राइवर की बगल वाली सीट पर एक छोटा बच्चा बैठा हुआ था. अचानक बच्चे ने स्टेरिंग पकड़कर घुमा दिया, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड्डे में पलट गया.
सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में बुधवार यानी एक अप्रैल को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी के दर्शनों के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी डीसीएम अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा कोतवाली बेहट इलाके के गांव संसारपुर स्थित बिजलीघर के पास हुआ. यहां वाहन सड़क किनारे गहरे खड्डे में जा गिरा.
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोगों ने दौड़कर घायलों को बाहर निकालना शुरू किया. कई महिलाएं और बच्चे डीसीएम के नीचे दब गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया. सूचना मिलते ही कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया.
कुछ की हालत गंभीर
पुलिस ने डायल 112 और एंबुलेंस 102 की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर कर दिया.
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और कुछ की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.
मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे श्रद्धालु
सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र के ग्राम हरेटी निवासी उमेश पुत्र मुसद्दीलाल (उम्र करीब 45 वर्ष) अपनी डीसीएम (UP 11 T 7226) में परिवार और गांव के अन्य लोगों को लेकर आज चौदस के दिन मां शाकंभरी देवी के दर्शन के लिए जा रहे थे. यात्रा के दौरान वाहन में काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे सवार थे.
बच्चे ने घुमा दी स्टीयरिंग!
जानकारी में सामने आया है कि ड्राइवर की बगल वाली सीट पर एक छोटा बच्चा बैठा हुआ था. अचानक बच्चे ने स्टेरिंग पकड़कर घुमा दिया, जिससे वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे खड्डे में पलट गया. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा रही है.
घायलों में शामिल लोगों की लिस्ट
इस हादसे में शालू पत्नी मनीष (25 वर्ष), नीलम पत्नी धीरेंद्र (30 वर्ष), प्रीति पत्नी सुमित (50 वर्ष), सोनम पत्नी सुशील (31 वर्ष), गुड़िया पत्नी रामगोपाल (31 वर्ष), वर्षा पत्नी सिंटू (28 वर्ष) और काव्या पुत्री सुशील (5 वर्ष) सहित दर्जनभर श्रद्धालु घायल हो गए. पुलिस का कहना है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है.