यूपी में लगेगा न्यूक्लियर पावर प्लांट! इन तीन जिलों में संभावनाएं तलाश रही NTPC

एनटीपीसी उत्तर प्रदेश में न्यूक्लियर पावर प्लांट लगा सकता है. इसके लिए तीन जिलों में सर्वे का काम चल रहा है. माना जा रहा है कि यह कदम प्रदेश को बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा.साथ ही कार्बन उत्सर्जन कम करने के वैश्विक लक्ष्यों को भी हासिल करने में भी मदद मिलेगी.

यूपी में न्यूक्लियर पावर प्लांट लाने की तैयारी ( प्रतीकात्मक तस्वीर)

यूपी में बिजली की डिमांड में लगातार इजाफा हो रहा है. सरकार भी तरह-तरह के प्रयासों के जरिए इस डिमांड को पूरा करने का प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन अब राज्य में उच्च क्षमता वाला न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने की तैयारी कर रहा है. एनटीपीसी इसके लिए ललितपुर, प्रयागराज और सोनभद्र जैसे जिलों में संभावनाएं तलाश रही है. इसके लिए सर्वे की भी शुरुआत कर दी गई है.

NTPC उत्तरी क्षेत्र के कार्यकारी निदेशक दिवाकर कौशिक ने बताया कि इन जिलों की भौगोलिक स्थिति, भूमि चयन, जल उपलब्धता और सभी वैधानिक स्वीकृतियों को लेकर हाई लेवल चर्चाएं शुरू हो गई हैं. अगर हम यूपी में न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने में सफल होते हैं तो यह कदम प्रदेश को बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगा. साथ ही कार्बन उत्सर्जन कम करने के वैश्विक लक्ष्यों को भी हासिल करने में भी मदद मिलेगी.

ग्रेटर नोएडा में हाइड्रोजन फ्यूल स्टेशन हो रहा विकसित

एनटीपीसी अब केवल पारंपरिक कोयला आधारित बिजली तक सीमित रहना नहीं चाहता. कंपनी सौर कंपनी सौर, जल, पवन ऊर्जा के साथ-साथ हरित हाइड्रोजन पर भी काम कर रही है. इसी कड़ी में ग्रेटर नोएडा में हाइड्रोजन फ्यूल स्टेशन विकसित किया जा रहा है. एनटीपीसी के मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन एसएन पाणिग्रही ने बताया कि यूपी में NTPC अपनी क्षमताओं को बढ़ाने की कोशिश कर रहा है.

यूपी में एनटीपीसी की योजनाएं

यूपी के ललितपुर में एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड 500 MW का सोलर प्लांट लगा रही है. फिर, चित्रकूट में 400 MW का सोलर प्लांट विकसित किया जा रहा है. साथ ही वाराणसी में नगर निगम के कचरे से हरित कोयला बनाने की अनोखी परियोजना चल रही है. इसके अलावा विंध्याचल में देश की पहली कार्बन कैप्चर परियोजना लगाई जा रही है.

एनटीपीसी 149 गीगावाट तक बढ़ाना चाहती है अपनी क्षमता

रिपोर्ट्स के मुताबिक एनटीपीसी की कुल स्थापित क्षमता वर्तमान में 88 गीगावाट से अधिक है. देश की कुल स्थापित क्षमता का यह तकरीब 16.7 प्रतिशत है. इसके अलावा एनटीपीसी कुल बिजली उत्पादन में भी 24% योगदान दे रही है. एनटीपीसी अपनी कुल स्थापित क्षमता साल 2032 तक 149 गीगावाट तक बढ़ाना चाहती है. इसमें 60 गीगावाट बिजली गैर-जीवाश्म स्रोतों नॉन-फॉसिल फ्यूल से लाने का लक्ष्य है.

Follow Us