DIG दफ्तर में बवाल को लेकर इकरा हसन पर FIR दर्ज, मोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर सड़क जाम करने का आरोप

मोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर इकरा हसन पीड़ित परिवार के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंची थीं. इस दौरान इकरा हसन की पुलिस कर्मियों के साथ जमकर नोकझोंक हुई . पुलिस उनको महिला थाने ले गई थी. कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. अब पुलिस ने इस मामले में सड़क पर जाम लगाने और प्रदर्शन करने को इकरा हसल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया है.

सपा सांसद इकरा हसन Image Credit:

सहारनपुर में कैराना सांसद इकरा हसन पर सड़क जाम और प्रदर्शन के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है. ये मुकदमा सदर थाने में SI की तरफ से दर्ज करवाया गया है. दरअसल, 9 मई को शामली के जसाला गांव निवासी मोनू कश्यप हत्याकांड को लेकर इकरा हसन पीड़ित परिवार के साथ डीआईजी कार्यालय पहुंची थीं. सांसद का कहना था कि परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है और पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है.

इकरा हसन की पुलिस कर्मियों के साथ हुई थी नोकझोंक

डीआईजी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने से सड़क पर लंबा जाम लग गया. पुलिस अधिकारियों ने जब भीड़ हटाने की कोशिश की तो माहौल तनावपूर्ण हो गया. खुद इकरा हसन की पुलिस कर्मियों के साथ जमकर नोकझोंक हुई . इसी दौरान पुलिस सांसद इकरा हसन को महिला थाने ले गई थी. कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया, लेकिन कई समर्थकों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई.

धरने पर बैठ गई थीं इकरा हसन

घटना के बाद मामला और बढ़ गया जब सांसद समर्थकों के साथ सदर बाजार कोतवाली पहुंचीं और वहीं धरने पर बैठ गईं. उन्होंने कहा कि जब तक गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया जाता, वह नहीं उठेंगी. इस दौरान उन्होंने एसपी सिटी को भी फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि गोली मार दो. इस बार पर एसपी सिटी हंसने लगे तो उन्हें कहा कि हंसो मत. अब इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है. इकरा हसन पर FIR होने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है.

इकरा हसन के साथ 7 नामजद और 25 अज्ञात पर भी मुकदमा

सदर थाने के SI संजय कुमार शर्मा की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में सांसद इकरा हसन समेत सात लोगों को नामजद किया गया है. एफआईआर में पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप, तेजपाल सिंह, अजय, अनुज, शीशपाल और सत्यपाल के नाम भी शामिल हैं, जबकि 20 से 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

Follow Us