साथ जी ना सके तो… परिवार नहीं दी शादी की अनुमति, प्रेमी जोड़े ने सुसाइड नोट लिखकर दे दी जान
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में परिवार द्वारा शादी की अनुमति न मिलने पर एक प्रेमी जोड़े ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया. इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर है. सुसाइड नोट में उन्होंने 'साथ जी न पाने पर साथ मरने' की बात लिखी थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक प्रेमी जोड़े ने सुसाइड का प्रयास किया है. मामला सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र का है. दोनों के परिजनों ने इन्हें शादी की अनुमति नहीं दी है. ऐसे में दोनों ने तय किया कि साथ जी ना सके तो साथ में मर तो सकते ही ही हैं. यही बात सुसाइड नोट में लिखकर दोनों ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया. इससे प्रेमी की मौत हो गई. जबकि प्रेमिका की हालत नाजुक बनी हुई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक घटना की जानकारी होने पर दोनों को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां 19 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई. जबकि युवती जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें दोनों ने अपने प्रेम और उनके रिश्तों को लेकर परिवार की नाराजगी का जिक्र किया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
मानसिक तनाव में थे दोनों
जानकारी के अनुसार थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव दुमझेड़ा निवासी युवती और गांव नल्हेड़ा निवासी अंकुर (19) के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था. दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. इस संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच बातचीत भी हुई थी, लेकिन युवती पक्ष ने इस रिश्ते के लिए सहमति नहीं दी. इसके बाद दोनों मानसिक तनाव में रहने लगे थे. इसी तनाव में दोनों कई दिनों से सुसाइड करने की सोच रहे थे.
रविवार रात की है घटना
पुलिस के मुताबिक रविवार की देर रात करीब दो बजे दोनों दुमझेड़ा गांव के निकट श्मशान घाट के पास स्थित एक खेत में मिले, जहां दोनों ने एक साथ जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके बाद अंकुर ने अपने एक परिचित को फोन कर इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन और चिलकाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुल्तानपुर में भर्ती कराया.
युवक की भाभी की बहन है युवती
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच पहले से रिश्तेदारी की बात सामने आई है. परिजनों ने बताया कि युवती अंकुर की भाभी की ममेरी बहन है. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों शादी कर अपना जीवन साथ बिताना चाहते थे. पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है. इसमें दोनों ने एक-दूसरे के प्रति अपने प्रेम का जिक्र करते हुए लिखा है कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते.