बच्चे को उल्टा लेटाया, छड़ी से मार-मार कर शरीर कर दिया लाल; सहारनपुर में मौलाना की हैवानियत
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक मदरसे से दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल हुआ है. इसमें मौलाना एक मासूम बच्चे को उल्टा लटकाकर छड़ी से 42 बार बुरी तरह पीटता दिख रहा है. बच्चा दर्द से चीखता रहा, लेकिन मौलाना का दिल नहीं पसीजा. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो गंगोह क्षेत्र स्थित एक मदरसे का है, जहां मदरसा टीचर एक मासूम बच्चे की बुरी तरह पिटाई कर रहा है. आरोपी मौलाना बच्चे का पैर पकड़कर उल्टा लेटाता है और फिर उसके ऊपर ताबड़तोड 42 बार छड़ी से वार करता है. इस दौरान दर्द के मारे बच्चे की चीख से पूरा मदरसा गूंज जाता है, लेकिन मौलाना का दिल नहीं पसीजता.
वायरल वीडियो में मौलाना की यह क्रूरता साफ तौर पर देखी जा सकती है. वीडियो में नजर आ रहा है कि मौलाना इस बच्चे को पैर पकड़कर उल्टा कर देता है. इतने में वहां खड़ा दूसरा व्यक्ति उसके हाथ में छड़ी देता है. इसके बाद मौलाना हैवानियत की हद तक बच्चे पर छड़ी से वार करने लगता है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो मिनट में करीब 42 बार छड़ी से प्रहार किए. इस दौरान बच्चा दर्द से चीखता-चिल्लाता रहा, बार-बार रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन मौलाना का दिल नहीं पसीजता.
मौलाना ने बनवाया वीडियो
वायरल वीडियो को देखने से ही जाहिर होता है कि जब मौलाना इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दे रहा है, वहीं उसका साथी इसका वीडियो बना रहा है. बताया जा रहा है कि मौलाना ने खुद ही उस व्यक्ति को वीडियो बनाने के लिए कहा था. अब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद लोगों में खूब आक्रोश देखा जा रहा है. बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर इस वीडियो को पुलिस को टैग करते हुए आरोपी मौलाना और उसके साथी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
जांच में जुटी पुलिस
वायरल वीडियो पर संज्ञान लेकर सहारनपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना कब और कहां की है. साथ ही इस वीडियो में दिख रहे आरोपियों की भी पहचान भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस के मुताबिक यह वीडियो सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है.