30 मीटर चौड़ी सड़कें, 90 से 288 मीटर के प्लॉट; इसी हफ्ते लॉन्च होगी UP की ये टाउनशिप
सहारनपुर विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी 'माता शाकंभरी देवी नई टाउनशिप' इसी हफ्ते लॉन्च होगी. यह 880 करोड़ की परियोजना लगभग 50 हेक्टेयर में विकसित हो रही है. जिसमें 90-288 वर्गमीटर के 1436 आवासीय प्लॉट शामिल हैं. 30 मीटर चौड़ी सड़कें, पार्क और सभी आधुनिक सुविधाएं इस योजना की मुख्य विशेषताएं हैं.
उत्तर प्रदेश में सहारनपुर विकास प्राधिकरण (SDA) की महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना ‘माता शाकंभरी देवी नई टाउनशिप’ इसी हफ्ते लॉन्च हो सकती है. यह जानकारी प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (वीसी) संतोष कुमार राय ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने कहा कि इस टाउनशिप को लेकर कुछ कॉलोनाइजर भ्रामक और गलत खबरें फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
वीसी के मुताबिक यह टाउनशिप ‘नवीन सहारनपुर योजना’ के तहत लगभग 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित किया जा रहा है. इसमें से 40 हेक्टेयर भूमि प्राधिकरण को प्राप्त हो चुकी है. टाउनशिप के पहले चरण का प्रस्ताव तैयार कर रेरा में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उम्मीद है कि इसी हफ्ते रजिस्ट्रेशन हो जाएगा. इसके बाद योजना को लॉन्च कर दिया जाएगा. यह टाउनशिप दिल्ली रोड के पास मिनी बाईपास क्षेत्र में राजस्व ग्राम चुनहेटी गाड़ा, सैदपुरा और मौहम्मदपुर बहलोलपुर के आसपास विकसित की जा रही है.
880 करोड़ की योजना
उन्होंने बताया कि परियोजना की अनुमानित लागत करीब 880 करोड़ रुपये है. योजना के तहत करीब 1436 आवासीय प्लॉट विकसित होंगे. ये प्लॉट 90 से 288 वर्गमीटर तक के हैं. प्लॉटों का आवंटन ऑनलाइन आवेदन और पारदर्शी लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा. इस टाउनशिप की कई खासियत होंगी. इसमें 30 मीटर तक चौड़ी सड़कें, हर सेक्टर में बड़े पार्क, हरियाली से भरपूर वातावरण, प्लेग्राउंड, कम्यूनिटी सेंटर, स्कूल, मेडिकल सुविधाएं, भूमिगत सीवेज सिस्टम और आधुनिक शहरी सुविधाएं शामिल हैं.
कोलोनाइजरों में हड़कंप
वीसी संतोष कुमार राय के मुताबिक शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इससे अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है. इसी कारण कुछ लोग नई टाउनशिप को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि टाउनशिप के संबंध में अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इसी क्रम में शहर के प्रमुख मार्ग दिल्ली रोड का सौंदर्यीकरण भी कराया जाएगा. इससे सहारनपुर का प्रवेश मार्ग और अधिक आकर्षक व व्यवस्थित होगा.