सहारनपुर में MP और यूपी ATS की रेड, पाक कनेक्शन के शक में एक युवक गिरफ्तार
सहारनपुर से एक युवक को संदिग्ध पाकिस्तानी संपर्कों के आरोप में हिरासत में लिया गया है. भोपाल और यूपी एटीएस, एसटीएफ और आईबी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. पूछताछ के दौरान किताबें, मोबाइल और अन्य उपकरण जब्त किए गए. युवक का मध्य प्रदेश में दर्ज एक मामले से भी संबंध बताया जा रहा है.
सहारनपुर के नानौता क्षेत्र से एक युवक को संदिग्ध पाकिस्तानी कनेक्शन के आरोप में हिरासत में लिया गया है. भोपाल और यूपी एटीएस, एसटीएफ और आईबी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. पूछताछ के दौरान किताबें, मोबाइल और अन्य उपकरण जब्त किए गए. बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में दर्ज एक मामले में भी युवक से पूछताछ की जा रही है.
युवक की पहचान नईम अब्दुल्ला पुत्र मुस्तफा के रूप में हुई है. सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों को युवक के कुछ संदिग्ध पाकिस्तानी संपर्कों और गतिविधियों से जुड़े इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर संयुक्त टीम ने उसके ठिकाने पर पहुंचकर पूछताछ की. कार्रवाई के दौरान कुछ किताबें, फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
इनपुट में हथियारों की उपलब्धता से जुड़े बिंदु भी
जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया गतिविधियों और संपर्क सूत्रों की गहन पड़ताल में जुटी हैं. जानकारी के मुताबिक कुछ इनपुट में हथियारों की उपलब्धता और अन्य संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े बिंदु भी सामने आए हैं. हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच में जुटी है.
संयुक्त टीम युवक को अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं. गौरतलब है कि पिछले 15 दिनों में सहारनपुर में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कई कार्रवाई हुई है.
पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी से था कईंयों का संपर्क
सहानपुर से सुरक्षा एजेंसियों द्वारा कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इनमें यूपी एटीएस, पंजाब स्पेशल सेल और अन्य जांच एजेंसियों की कार्रवाई भी शामिल रही है. नानौता में हुई यह कार्रवाई भी सुरक्षा एजेंसियों की इसी सतर्क निगरानी का हिस्सा मानी जा रही है. पहले जो लोग अरेस्ट हुए है उन सभी का कनेक्शन पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ मिला था.