कार पर ही पलट गया डंपर, अंतिम संस्कार में जा रहे एक परिवार के 7 लोगों की दर्दनाक मौत
सहारनपुर में एक डंपर कार पर ही पलट गई. इस दौरान कार में मौजूद एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई. मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं. घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई है. कार से शवों को निकालने की कोशिश की जा रही है.
सहरानपुर के गागलहेड़ी क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है. यहां 28 नवंबर यानी शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई. दरअसल, एक तेज रफ्तार डम्पर अचानक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया. हादसा इतना भयावह था कि देखते ही देखते कार बुरी तरह पिचक गई. इससे अंदर बैठे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया. सभी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. कुछ ही देर में स्थिति ऐसी हो गई कि सड़क पर आवाजाही पूरी तरह रूक गई. क्षेत्र में चीख-पुकार और कोहराम मचा हुआ है.सूचना मिलने पर सीओ सदर, थाना प्रभारी गागलहेड़ी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया. बता दें परिवार के सभी लोग एक रिश्तेदार के मौत पर उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे. इस दौरान ये हादसा हो गया.
मौके पर पहुंचे यातायात प्रभारी
घटना की सूचना पर यातायात प्रभारी भी टीम के साथ पहुंचकर जाम खुलवाने में जुटे हुए हैं. पुलिस जेसीबी और क्रेन की मदद से डम्पर हटवाने और कार में फंसे शवों को बाहर निकालने की कोशिश कर रही है. काफी मशक्कत के बाद भी अब तक जाम खुलवाया नहीं जा सका है.
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है. लोग उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और जमकर नारेबाजी भी कर रहे हैं. पुलिस हालात को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा फैल गया है. परिवार के चार सदस्यों की एक साथ हुई मौत से हर कोई स्तब्ध है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
