सहारनपुर में बुजुर्ग महिला से मारपीट, विदेश से पोती ने शेयर किया वीडियो तो हरकत में आई पुलिस; FIR दर्ज

सहारनपुर में एक बुजुर्ग महिला पर हुए हमले का मामला तूल पकड़ गया है. विदेश से पोती द्वारा घटना का वीडियो वायरल करने के बाद पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया. यह विवाद शारदा नगर में एक शराब की दुकान को लेकर शुरू हुआ था.

बुजुर्ग महिला पर हुए हमले के मामले तूल पकड़ा Image Credit:

सहारनपुर के थाना कुतुबशेर क्षेत्र में 20 मई को पड़ोसियों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. इस दौरान आरोपी ने घर से बाहर आई करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर भी डंडे से वार कर दिया था. यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. बुजुर्ग महिला की विदेश में रहने वाली पोती ने रोते हुए घटना का वीडियो शेयर किया, जिसपर पुलिस हरकत में आ गई है.

बुजुर्ग महिला की पोती की मदद की गुहार लगाने के बाद पुलिस एक्शन में आई है. और एक आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि शारदा नगर में संचालित एक शराब की दुकान को लेकर मोहल्ले के कुछ लोग विरोध कर रहे थे. इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी.

पुरानी रंजिश के चलते मारपीट करने का आरोप

दरअसल, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि सोनू नाम का युवक पुरानी रंजिश के चलते उनके घर के बाहर पहुंचा और हर्षित शर्मा पुत्र अरुण शर्मा की घर के बाहर खड़ी स्कूटी पर डंडों से हमला कर दिया. परिवार की ओर से विरोध किए जाने पर आरोपी ने घर से बाहर आई करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर भी डंडे से वार कर दिया था.

बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं और अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने के आरोप लगाए गए हैं. परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी लंबे समय तक पुलिस स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में नाराजगी है. पुलिस ने कहा कि शुरुआती दौर में कोई तहरीर नहीं मिली थी, जिससे मामला समझौते में होने की बात सामने आई थी.

पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की

वहीं, अब एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि बाद में दोनों पक्ष पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दी गई. एसपी सिटी के अनुसार, पुलिस ने तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस सामने आए घटना के वीडियो के साथ पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है.

Follow Us