4 शूटर, 30 सेकेंड और 12 राउंड फायरिंग… CCTV में दिखे अंकित बालियान के हत्यारे, हथियार लहराते हुए पैदल भागे

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड का CCTV फुटेज सामने आने के बाद वारदात की खौफनाक तस्वीर सामने आई है. हमलावर अंकित बालियान को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए पैदल ही मौके से फरार हो गए.

शामली सिंगर अंकित बालियान मर्डर का CCTV Image Credit:

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या के बाद सामने आया CCTV फुटेज वारदात की भयावहता को बयां कर रहा है. फुटेज में हमलावर अंकित पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं. गोलियां बरसाने के बाद हमलावर हथियारों को हवा में लहराते हुए पैदल ही वहां से निकल जाते हैं. सड़क से निकल रही महिलाओं की नजारा देखकर चीख निकल गई.

बैखौफ हमलावरों की ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास का पूरा इलाका दहल उठा. देखते ही देखते लोग इधर-उधर भागने लगे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. गोलियों की आवाज सुनकर जिम के अंदर मौजूद लोग भी बाहर आते हैं, लेकिन सामने हथियारबंद हमलावरों को देखकर किसी की हिम्मत नहीं होती कि वह अंकित के पास जाए.

30 सेकेंड में बरसाईं ताबड़तोड़ 12 राउंड गोलियां

CCTV फुटेज में दिखाई देता है कि अंकित बालियान अपनी गाड़ी के पास मौजूद थे. इसी दौरान चार हमलावर वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया. इसके बाद आरोपियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. जांच में चार शूटरों के शामिल होने और करीब 12 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है. फायरिंग के बाद हमलावरों ने हथियार हवा में लहराए और बेखौफ अंदाज में पैदल ही वहां से निकल गए.

CCTV में दिख रहा है कि हमलावरों के घटनास्थल से निकलने के बाद आसपास मौजूद लोग अंकित की ओर बढ़ते हैं. उस समय अंकित खून से लथपथ जमीन पर पड़े थ. लोगों ने उन्हें संभालने और मदद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.

STF और शामली पुलिस की SWAT टीम जांच में

पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है. जांच एजेंसियां यह भी पता कर रही हैं कि शूटर किस रास्ते से घटनास्थल तक पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुए. अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में STF और शामली पुलिस की SWAT टीम को लगाया गया है.

संदिग्धों की लोकेशन हरियाणा में मिलने के बाद पुलिस की टीमें वहां भी सक्रिय हैं. इसके अलावा बागपत, मुजफ्फरनगर और गाजियाबाद के लोनी इलाके में भी पुलिस टीमों के जाने की जानकारी सामने आई है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और उन पर टीमें तेजी से काम कर रही हैं.

सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे

इस हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो और पोस्ट तेजी से वायरल हो रहे हैं. इनमें अलग-अलग लोग अंकित बालियान की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा कर रहे हैं. गोगी गैंग की ओर से भी हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है, हालांकि पुलिस सभी वायरल दावों की सत्यता की जांच कर रही है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वायरल दावों का हत्याकांड से कोई वास्तविक संबंध है या फिर जांच को भटकाने के लिए ऐसी पोस्ट की जा रही हैं. फिलहाल अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में CCTV फुटेज अहम कड़ी बन गया है. चार संदिग्ध शूटरों की पहचान, उनके आने-जाने के रास्ते और वारदात के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

Follow Us