शामली में सिंगर अंकित बालियान की सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में मर्डर, काला राणा गैंग पर शक; 4 टीमें हरियाणा रवाना
शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में हत्या ने सनसनी फैला दी है. पुलिस को काला राणा गैंग की संलिप्तता का शक है. STF सहित 4 टीमें जांच के लिए हरियाणा रवाना हुई हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि हमलावरों ने अंकित को गोली मारने के बाद उसका वीडियो भी बनाया.
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस ने कई एंगल पर काम शुरू कर दिया है. हत्या के पीछे हरियाणा के काला राणा गैंग की भूमिका की आशंका भी जताई जा रही है. वारदात का तरीका भी चर्चित पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से मिलता-जुलता बताया जा रहा है. काला गैंग पहले लॉरेंस बिश्नोई के लिए भी काम करता था.
शामली में अंकित बालियान की हत्या के बाद से सनसनी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए STF को भी जांच में लगाया गया है. मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर और सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली.
हत्या के बाद वीडियो बनाकर ले गए हमलावर?
जांच में एक चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, अंकित बालियान को गोली मारने के बाद हमलावरों ने उनका वीडियो बनाया और उसे अपने साथ ले गए. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि वीडियो क्यों बनाया गया और इसे किस मकसद से रिकॉर्ड किया गया.
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान सोशल मीडिया पर अक्सर बंदूकों के साथ वीडियो पोस्ट करने के लिए भी चर्चित थे. पुलिस अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट और पुराने वीडियो भी खंगाल रही है. साथ ही उनकी पुरानी गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.
सोनीपत में विवाद की भी जांच
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान कुछ समय तक हरियाणा के सोनीपत में रह रहे थे. कुछ महीने पहले ही वह परिवार के साथ अपने गांव लौटकर आए थे. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि सोनीपत में रहते समय उनका किसी से विवाद हुआ था या नहीं. पुरानी रंजिश और आपसी विवाद को भी हत्या की वजह के तौर पर देखा जा रहा है.
चार टीमें हरियाणा रवाना
मेरठ जोन के ADG भानु भास्कर ने बताया कि मामले की जांच के लिए चार पुलिस टीमों को हरियाणा भेजा गया है. बागपत और मुजफ्फरनगर के पुलिस अधिकारियों को भी जांच में लगाया गया है. इसके अलावा, पुलिस की कुछ टीम गाजियाबाद के लोनी भी गई है. बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग रास्तों से फरार हुए हैं.
ADG ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण क्लू मिले हैं और टीम उन पर काम कर रही है. हत्या की वजह, शूटरों की पहचान और कथित गैंग कनेक्शन की जांच कई एंगल से की जा रही है.
शव सड़क पर रखकर लगाया था जाम
अंकित की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था. गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. हालांकि, बाद में पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
अखिलेश ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा,’यूपी की क़ानून-व्यवस्था को शून्य करते हुए जिस प्रकार शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर बेरहमी से हत्या की गई है उससे पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त हो गया है.’
उन्होंने कहा कि मृतक की दुखी माँ के द्वारा अपने बेटे के शव को गोद में रखकर सड़क पर ही शोकाकुल होने का समाचार हृदयविदारक है. जाट समाज ने हमलावारों की गिरफ़्तारी को लेकर सड़क पर ही अपनी मांग बुलंद की है. यूपी का समस्त जाट समुदाय इसे अपने ऊपर प्रहार मानकर आक्रोशित है.
