24 घंटे बेहद भारी, फिर सुस्त होगा मानसून; लखनऊ से मुरादाबाद तक बरसेंगे बादल, जानें ताजा अपडेट
उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय है, और अगले 24 घंटे पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, खासकर सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में. इसके बाद मानसून की गतिविधियों में कमी आने से तापमान में वृद्धि होगी. मध्य व पश्चिमी यूपी में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में मानसून फिलहाल सक्रिय बना हुआ है और अगले 24 घंटे कई इलाकों में बारिश के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, शुरुआती 12 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. हालांकि इसके बाद मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है.
भारतीय मौसम विभाग की लखनऊ केंद्र के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिमी हवाएं सक्रिय रहीं. दोनों मौसम मंडलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं, 27 अगस्त यानी आज के बाद मानसून धीरे-धीरे सुस्त पड़ने के आसार हैं. ऐसे में अगले 24 घंटे पूर्वांचल समेत प्रदेश के कई इलाकों के लिए अहम माने जा रहे हैं.
पूर्वांचल में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम पर विशेष नजर रखने की जरूरत है.
वहीं, वाराणसी, गाजीपुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, प्रतापगढ़, सुलतानपुर और अमेठी में भी कई स्थानों पर बारिश हो सकती है. पूर्वी यूपी के अन्य जिलों में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. कई जगहों पर बूंदाबांदी और रूक-रूक कर बारिश के आसार हैं.
लखनऊ से मुरादाबाद तक बारिश के आसार
मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम करवट ले सकता है. रायबरेली, अयोध्या, बाराबंकी, उन्नाव, लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बहराइच और लखीमपुर खीरी में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है.
इसके अलावा बरेली, रामपुर, बिजनौर और मुरादाबाद समेत आसपास के इलाकों में भी कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में अगले 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों के लिए बारिश वाले रहने वाले हैं.
बारिश के बाद बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. इसके बाद प्रदेश में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. यानी बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ ही गर्मी और उमस दोबारा बढ़ सकती है.
मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान मेरठ में 35.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं हरदोई में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ.
