STF के एनकाउंटर में मारा गया UP-बिहार का मोस्ट वांटेड डकैत, एक लाख का इनामी बदमाश था लल्लन

सहारनपुर में यूपी एसटीएफ ने बिहार के कुख्यात बदमाश लल्लन को एनकाउंटर में मार गिराया है. 1 लाख के इनामी लल्लन पर बिहार और यूपी में दर्जनों संगीन मामले दर्ज थे. एसटीएफ की घेराबंदी के बाद हुई फायरिंग में वह घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया. उसके गिरोह ने लूट, हत्या और डकैती की कई वारदातों को अंजाम दिया था.

बिहार के बदमाश का यूपी में एनकाउंटर Image Credit:

बिहार के कुख्यात बदमाश लल्लन को यूपी एसटीएफ ने पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया है. रविवार की देर रात हुए एनकाउंटर में पुलिस ने लल्लन और उसके साथियों की घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा. लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. ऐसे में जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई और करीब चार से पांच राउंड की फायरिंग में ही एक लाख का इनामी बदमाश लल्लन मारा गया.

बिहार में समस्तीपुर जिले के रहने वाले इस बदमाश के खिलाफ बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश में भी दर्जनों मामले लंबित हैं. इन सभी मामलों में यूपी पुलिस इसकी तलाश कर रही थी. यूपी एसटीएफ चीफ अमिताभ यश के मुताबिक इस बदमाश के बारे में कुछ इनपुट मिले थे. इसके बाद एसटीएफ ने सरसावा-नकुड़ मार्ग पर चेकिंग शुरू की. इसी दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से आमना सामना हो गया.

अस्पताल से रेफर होते तोड़ा दम

ऐसे में पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की और उन्हें सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन इन बदमाशों ने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया. जवाब में पुलिस की तरफ से हुई फायरिंग हुई और ललन घायल हो गया. पुलिस ने उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र सरसावा पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. पुलिस टीम उसे लेकर चली ही थी कि रास्ते में इस बदमाश ने दम तोड़ दिया.

वाराणसी का है इनामी बदमाश

एसटीएफ के मुताबिक ललन सिंह उर्फ लल्लन पुत्र शिव शंकर सिंह मूल रूप से समस्तीपुर के थाना मोहिउद्दीन नगर क्षेत्र का रहने वाला था. उसके खिलाफ वाराणसी और चंदौली समेत कई जिलों में संगीन मामले दर्ज हैं. इस बदमाश के खिलाफ पुलिस आयुक्त वाराणसी ने एक लाख रुपये तथा पुलिस अधीक्षक चंदौली ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. इस बदमाश पर 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर उसकी सर्विस पिस्टल लूटने का आरोप है. इसके अलावा 1 नवंबर 2022 को चंदौली में हुई गोलीबारी और डकैती में भी यह शामिल रहा है.

दर्जन भर बदमाशों का है गिरोह

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इस बदमाश के गिरोह में दर्जन भर बदमाश हैं. इनमें इसके अपने भाई भी शामिल हैं. इस गिरोह ने लूट, डकैती और मर्डर के अलावा कई अन्य जघन्य वारदातों को अंजाम देता रहा है. पुलिस रिकार्ड में इस गिरोह पर दो सब-इंस्पेक्टरों की हत्या,, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत सात लोगों के मर्डर, बैंक डकैती, कैश वैन लूट और सरकारी हथियार लूटने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं. पुलिस के मुताबिक इस एनकाउंटर के दौरान इस बदमाश का एक साथी भागने में सफल हो गया. उसकी तलाश जारी है.

Follow Us