सहारनपुर में क्यों फूटा महिलाओं का गुस्सा? ठेके में घुसकर शराब की पेटियां सड़क पर फेंक दीं

सहारनपुर के एक गांव में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन किया. महिलाओं ने ठेके में घुसकर शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं. जानकारी के मुताबिक, महिलाएं कई दिनों से धरना दे रही थीं, मांग न माने जाने पर इस बार सीधे ठेके पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी

सहारनपुर में महिलाओं का शराब ठेके के खिलाफ उग्र प्रदर्शन

यह घटना सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुजफ्फरपुर के आमवाला गांव की है. महिलाएं कई दिनों से गांव में स्थित एक शराब के ठेके को हटवाने के लिए धरना दे रही थी. उनका गुस्सा तब फूटा जब प्रशासन ने उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया. इस बार महिलाओं ने सीधे ठेके में घुसकर शराब की पेटियां उठाकर सड़क पर फेंक दीं.

बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में महिलाएं नारेबाजी करते हुए ठेके तक पहुंचीं और वहां रखी शराब की पेटियों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू कर दिया. कुछ ही देर में सड़क पर शराब की बोतलें बिखर गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. महिलाओं का आरोप है कि शराब से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है और परिवार टूट रहे हैं.

‘अब छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं’

इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि गांव के बीचों-बीच खुले इस ठेके से सामाजिक माहौल खराब हो रहा है. उनका आरोप है कि पुरुषों की कमाई शराब में खर्च हो रही है, जिससे परिवारों में झगड़े, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं.

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि अब छोटे बच्चे भी नशे की चपेट में आने लगे हैं. उनका कहना है की इस मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि जब लगातार अनदेखी की गई, तो मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा. उन्होंने प्रशासन को ठेका तुरंत हटाने की चेतावनी भी दी है.

‘जल्द ठेका नहीं हटाया तो आंदोलन और तेज होगा’

इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. महिलाओं का आरोप है कि पहले किए गए शांतिपूर्ण प्रदर्शनों के दौरान पुलिस ने उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की, जिससे उनका आक्रोश और भड़क गया. महिलाओं ने फिर से चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.

इस घटना का लाइव वीडियो वायरल होने और मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने की कोशिश की. पुलिस ने महिलाओं को समझाने और ठेका हटाने का आश्वासन दिया है. फिलहाल, घटनास्थल पर किसी बड़ी झड़प की सूचना नहीं मिली है, लेकिन गांव में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है.

Follow Us