गोरखपुर BJP नेता हत्याकांड में 6 और गिरफ्तार, जलाए थे खून से सने कपड़े; 1 साल से कर रहे थे तैयारी

गोरखपुर में बीजेपी नेता राजकुमार चौहान की हत्या साजिश रचकर की गई थी. हत्याकांड की तैयारी एक साल पहले से ही शुरू हो गई थी. वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी. वहीं, साजिश रचने के मामले में पुलिस ने 6 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

भाजपा नेता हत्या मामले में 6 और गिरफ्तार

गोरखपुर में बीजेपी नेता और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार चौहान की हत्या का मामला लगातार राजनीतिक गर्माहट और पारिवारिक दबाव की वजह से चर्चा का विषय बना हुआ है. इस मामले में पुलिस पहले ही दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं, अब हत्या की साजिश रचने और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने के आरोप में 6 और गिरफ्तारियां हुई हैं.

पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 8 टीमें काम कर रही थी. पुलिस ने सर्विलांस और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें एक बाल अपचारी भी शामिल है. पकड़े गए 6 आरोपियों ने हत्या में किसी न किसी रूप में सहयोग किया है. अभी भी पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है.

मुर्गा काटने वाले चाकू से की थी बीजेपी नेता की हत्या

चिलुआताल थाने की पुलिस ने राजकुमार चौहान की हत्या में दीपक गौड, लालजी यादव, शेषनाथ यादव, अंकित यादव, देवव्रत यादव और एक नाबागिल को गिरफ्तार किया. सभी बरगदवा थाना चिलुआताल, गोरखपुर के निवासी है. इनके पास से घटना का साक्ष्य छिपाये जाने में एक वाहन टीपर सीज और गिरफ्तार राज चौहान उर्फ निरहू का मोबाइल बरामद हुआ है.

एसपी नॉर्थ ने बताया कि 17 मार्च 2026 को सुबह 06:15 बजे थाना चिलूवाताल पर सूचना प्राप्त हुई थी कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा राजकुमार चौहान को गोली मार दी गई है, जिन्हें इलाज हेतु बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है, जहां पर इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई. आरोपियों ने मुर्गा काटने वाले चाकू से 11 बार वार कर बीजेपी नेता की हत्या की थी.

साजिश रचकर की गई हत्या, जलाए खून से सने कपड़े

मृतक के परिजन के तहरीर पर थाना चालूवाताल में मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें पुलिस ने 12 घंटे के अंदर दो मुख्य आरोपी राज चौहान उर्फ निरहू और विपिन यादव को गिरफ्तार किया था. वहीं, अब साजिश में शामिल आरोपियों ने गिरफ्तार होने के बाद बताया कि बीजेपी नेता की हत्या की तैयारी एक साल पहले से ही शुरू हो गई थी.

बाल अपचारी ने पूछताछ में बताया गया कि मुख्य आरोपी राज चौहान उर्फ निरहू ने जो कपड़ा पहन कर राजकुमार चौहान की हत्या किया था, उसके पहने कपड़ों में हत्या करने के दौरान काफी खून लगा था. उस कपड़े को निरहू हम लोगों के टीपर वाहन में रखा था, जिसे विपिन यादव ने जला दिया था, अभी भी वह वाहन जले हुए कपड़े का राख मौके पर है.

Follow Us