पाकिस्तान के लिए जासूसी… संभल की महिला को ATS ने दबोचा; फोन में मिले कई अहम सबूत
संभल में एटीएस ने जासूसी के शक में एक महिला को हिरासत में लिया है. उसपर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है. महिला के मोबाइल फोन से कई संवेदनशील सबूत और विदेशी नंबरों पर चैटिंग के सुराग मिले हैं. एटीएस टीम महिला को गाजियाबाद लाकर पूछताछ कर रही है.
गाजियाबाद के बाद अब संभल में एक महिला को जासूसी के शक में हिरासत में लिया गया है. ATS ने संभल में नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय इलाके में छापेमारी कर महिला को दबोचा है. बताया जा रहा है कि महिला के मोबाइल फोन से दिल्ली-एनसीआर के डिफेंस से जुड़े संवेदनशील स्थानों की लोकेशन, फोटो और वीडियो जैसे अहम सबूत मिले हैं.
गाजियाबाद एटीएस की टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया है. महिला को पूछताछ के लिए गाजियाबाद ले जाया गया है. जानकारी के मुताबिक, महिला की शादी करीब दो साल पहले दीपा सराय निवासी फैजान के साथ हुई थी. उनका एक नौ महीने का बेटा भी है. महिला के मोबाइल फोन से विदेशी नंबरों पर चैटिंग के भी सबूत मिले हैं.
एक दिन पहले गाजियाबाद में 6 जासूस गिरफ्तार
वहीं,स महिला की सास का कहना है कि एटीएस टीम घर पर उस समय पहुंची जब परिवार के लोग नमाज़ पढ़ रहे थे. सास के मुताबिक टीम ने किसी तरह का हंगामा नहीं किया और सिर्फ जांच के लिए महिला को अपने साथ ले गई है. फिलहाल एटीएस पूरे मामले में महिला से पूछताछ कर रही है. मोबाइल फोन में मिले संदिग्ध चैट और लोकेशन की पड़ताल जारी है.
एक दिन पहले गाजियाबाद पुलिस ने जासूसी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार. इन जासूसों से पूछताछ में पता चला है कि इन्होंने अब तक 50 से अधिक वीडियो पाकिस्तान भेजे हैं. इसके एवज में इन्हें मोटी रकम मिली है. इनके पास से मिले मोबाइल फोन में दिल्ली के रेलवे स्टेशनों और सैन्य ठिकानों की संवेदनशील तस्वीरें और वीडियो पाए गए थे.
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां हरकत में
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दिल्ली में कुछ स्थान पर इन लोगों ने आईपी सोलर कैमरे भी लगाए हैं. इन कैमरों से लाइव वीडियो उनके हैंडलर तक पहुंच रही है. वहीं, पूछताछ में खुलासे की डिटेल गाजियाबाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस के साथ शेयर किया है. इसके बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियां भी हरकत में आ गई हैं. मामले में गहन जांच जारी है.