‘लाल टोपी और लाल सिलेंडर से घबराती है BJP, LPG हो गई है लापता गैस’
सपा नेता और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव टीवी9 भारतवर्ष के सत्ता सम्मेलन में पहुंचे. इस दौरान उन्होंने देश में ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते हुई सिलिंडर की कमी पर भी सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग आज कल लाल टोपी और लाल सिलेंडर से घबराते हैं.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टीवी9 भारतवर्ष के सत्ता सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लोग आज कल लाल टोपी और लाल सिलेंडर से घबराती है… LPG को लिक्विड पेट्रोलियम गैस कहते हैं लेकिन अब वो लापता पेट्रोलियम गैस हो गई है. आज आम आदमी LPG को लेकर परेशान है.’ अपने वायरल ट्वीट्स पर अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति में कई बार कटाक्ष जरूरी होता है.
विदेश नीति भी विदेश तय कर रहा है-अखिलेश यादव
ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ‘देश को विश्वगुरू होने का सपना दिखाया गया था. अगर विश्वगुरू असल में विश्वगुरू होते तो आज युद्ध नहीं होता. अगर अमेरिका ने हम पर सेंशन लगाया तो हमें भी कहना चाहिए था कि अगर युद्ध होगा तो हम अमेरिका पर सेंशन लगा देंगे. हम झूठा विश्वगुरू का सपना नहीं बेच सकते हैं. आपकी डिप्लोमेसी पूरी तरह फेल है. आज हमारी विदेश नीति भी विदेश तय कर रहा है.’
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर अखिलेश ने क्या कहा?
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के विवाद पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, ‘पूज्यनीय शंकराचार्य का अपमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को नहीं करना चाहिए था. उनके अपमान के बाद हम सनातनी लोग उनके साथ खड़े हुए. उनको स्नान नहीं करने दिया गया. उनके बटुकों की चोटी खींची गई जिनका सम्मान करना चाहिए था, उनको आप समन भेज रहे हैं. उनको (योगी आदित्यनाथ) किसने योगी होने का सर्टिफिकेट दिया है. हमारे पूज्यनीय शंकराचार्य शंका से परे हैं.’
यूपी के दोनों डिप्टी सीएम डरे हुए हैं-अखिलेश
‘INDIA का अखिलेश’ सेशन के दौरान अखिलेश यादव ने यूपी के दोनों डिप्टी सीएम (केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक) पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यूपी के दोनों डिप्टी सीएम डरे हुए हैं. जब दोनों को पता चला कि शंकराचार्यजी लखनऊ आ रहे हैं तो दोनों आउट ऑफ स्टेशन चले गए.’ अखिलेश यादव ने जगदगुरू रामभद्राचार्य को लेकर भी जवाब दिया और कहा कि मैंने बिना किसी को जानकारी हुए उन पर दर्ज FIR को वापस लेने का काम किया है.
CEC के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर अखिलेश ने क्या कहा?
CEC के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर अखिलेश ने कहा कि हमने ये इस वजह से लाया जिससे उनकी क्रेडिबिलिटी खत्म हो. SIR के जरिए वोट काटे गए हैं. ऐसे लोगों के वोट काटे गए जो जिंदा है. हमने ऐसे लोगों को ढूंढ निकाला. मैं जानना चाहता हूं कि चुनाव आयोग ने क्या एक्शन लिया.
