उत्तराखंडी लोकधुन पर डांस कर बुरे फंसे SDM, वायरल VIDEO पर DM ने लिया एक्शन

रामनगर के मिनी सरस मेले में एसडीएम गोपाल सिंह चौहान उत्तराखंडी लोकगीत की धुन पर डांस करते हुए कैमरे में कैद हुए. यह वीडियो वायरल होने के बाद, नैनीताल के जिलाधिकारी ने एसडीएम के आचरण और ड्यूटी के समय को लेकर जांच के आदेश दिए हैं. यह घटना सरकारी अधिकारियों के व्यवहार और प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े कर रही है.

रामनगर एसडीएम का वायरल वीडियो Image Credit:

उत्तराखंड के रामनगर में आयोजित मिनी सरस मेले के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन था. प्रसिद्ध लोक कलाकार श्वेता महारा अपनी शानदार प्रस्तुति दे रहीं थी. इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद दर्शक दिल को छू लेने वाली प्रस्तुति पर झूम उठे. इस दौरान श्वेता महारा ने जैसे ही जौनसारी गीत गाना शुरू किया, उसकी धुन पर रामनगर के SDM गोपाल सिंह चौहान खुद को रोक नहीं पाए और थिरकने लगे. उनके इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.

इसी वीडियो पर संज्ञान लेते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जांच के आदेश दिए है. बता दें कि घटना के समय कार्यक्रम अपने शबाब पर था. कुमाऊं गढ़वाल और जौनसारी लोकगीतों की धुनों पर पूरा पंडाल तालियों और उत्साह से गूंज उठा था. ऐसे में जब एसडीएम ने भी डांस शुरू किया तो कार्यक्रम की शमॉ और बढ़ गई. लेकिन उनका इसी डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवाल उठने लगे हैं.

जांच के आदेश

इस वीडियो को लेकर डीएम ललित मोहन रयाल ने जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह देखा जाएगा कि वायरल वीडियो किस समय का है, उस समय अधिकारी की ड्यूटी क्या थी? इन तथ्यों के सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी. यानी अब सवाल सिर्फ एक वायरल वीडियो का नहीं, बल्कि सरकारी अधिकारी की ड्यूटी और आचरण से जुड़े नियमों का भी बन गया है. फिलहाल प्रशासन ने इस मामले मे जांच करने कि बात कही है.

हर साल होता है आयोजन

जानकारी के मुताबिक सरस मेले में हर साल सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होता है. इसमें पूरे जिले भर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. चूंकि यह आयोजन प्रशासन की ओर से होता है, इसलिए एसडीएम रैंक के अधिकारी को यहां व्यवस्था की जिम्मेदारी दी जाती है. इस कार्यक्रम में भी एसडीएम गोपाल सिंह चौहान व्यवस्था बनाने के लिए ही मौजूद थे. बताया जा रहा है कि उन्हें इस गीत के धुन इतने अच्छे लगे कि वह स्टेज पर चढ़कर थिरकने से खुद को रोक नहीं पाए.

रिपोर्ट: नमित अग्रवाल, रामनगर (नैनीताल)

Follow Us