चीखती रही मासूम, नोंचते रहे आवारा कुत्ते; अस्पताल पहुंचने से पहले हो गई मौत

शाहजहांपुर में आवारा कुत्तों के हमले से 11 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. खेत पर जाते समय कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और नोंच-नोंचकर मार डाला. यह घटना प्रशासन की लापरवाही उजागर करती है, क्योंकि पहले भी ऐसी शिकायतें मिली थीं. स्थानीय लोग अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं.

शाहजहांपुर में बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला Image Credit:

उत्तर प्रदेश के के शाहजहांपुर में एक डरा देने वाली घटना सामने आई है. यहां पर एक 11 वर्षीय मासूम बच्ची को आवारा कुत्तों ने नोंच-नोचकर मार डाला है. राह चलते इस बच्ची पर कुत्तों ने हमला किया और आधे घंटे तक उसे नोंचते रहे. जब लोग उसकी मदद को पहुंचते, कुत्तों ने मासूम को बुरी तरह से नोंच डाला था. आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया.

मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित थाना सदर बाजार क्षेत्र में ककरा कला का है. जानकारी के मुताबिक यह बच्ची अपने पिता नईम के साथ खेत पर सब्जी तोड़ने गई थी. पिता तो खेत में सब्जी तोड़ने लगे. वहीं बच्ची खेत की मेड़ पर खेलने लगी. थोड़ी देर बाद बच्ची के पिता ने मासूम बेटी से कहा घर से अपने भाई को बुला लाओ. इसके बाद बच्ची वहां से घर के लिए चली, लेकिन रास्ते में ही आवारा कुत्तों के झुंड ने इस बच्ची पर हमला कर दिया.

कुत्तों ने दबोच रखा था गर्दन

स्थानीय लोगों ने बताया कि कुत्तों ने बच्ची की गर्दन को दबा लिया था. इससे उसकी गर्दन पर गंभीर घाव हो गए थे. आधा दर्जन से अधिक कुत्ते इस बच्ची पर लगातार हमले करते और उसे नोंचते रहे. काफी देर बाद राहगीरों ने कुत्तों के झुंड में फंसी बच्ची को देखा तो डंडे फटकारकर कुत्तों को भगाया. इतने समय में बच्ची अचेत हो चुकी थी. जानकारी होने पर पहुंचे बच्ची के पिता ने उसे अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं

शाहजहांपुर में आवारा कुत्तों के हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले कई बार छोटे बच्चे आवारा कुत्तों के शिकार हो चुके हैं. इस संबंध में जिला प्रशासन और नगर निगम को शिकायतें भी दी गईं, लेकिन अभी तक शाहजहांपुर नगर निगम ने इन कुत्तों को पकड़ने की कोई कोशिश नहीं की. अब इस घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है. लोग इस मामले में अधिकारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं.

Follow Us