हादसा या खुदकुशी? तालाब में उतराता मिला मां-बेटी का शव, देखते ही गांव में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक मां और उसकी एक साल की मासूम बेटी का शव तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. मामला हादसा, खुदकुशी या फिर साजिश का है, इसकी पड़ताल की जा रही है. महिला के मानसिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आई है.
उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के तालाब में एक महिला और उसकी एक साल की मासूम बच्ची का शव उतराता हुआ मिला है. खबर मिलते ही महिला के घर में कोहराम मच गया है, वहीं दो लोगों की संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस में भी हड़कंप मच गया है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को तालाब से निकालकर पंचनामा कराया और अब पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
महिला की पहचान इसी गांव में रहने वाली 30 वर्षीय शबीना के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रविवार की रात में वह अपनी बच्ची को लेकर घर से निकली, लेकिन देर रात वापस नहीं लौटी. ऐसे में घर वालों ने खोजबीन शुरू की. सुबह उसका और उसकी मासूम बच्ची का शव तालाब में उतराता हुआ मिला है. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. शबीनों के परिजनों के साथ ही पास पड़ोस के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
हादसा या खुदकुशी?
पुलिस के मुताबिक मामला संदिग्ध है. अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि मां-बेटी की मौत कैसे हुई, क्या यह कोई हादसा है, खुदकुशी या फिर इसके पीछे कोई बड़ी साजिश? फिलहाल इस दोहरी मौत की असली वजह की पड़ताल में जुटी है. उम्मीद है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में काफी कुछ साफ हो सकेगा. उधर, महिला के परिजनों ने अपने बयान में कोई शक जाहिर नहीं किया है.
फोरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
पुलिस के मुताबिक परिजनों से पूछताछ में कुछ खास नहीं मिला है. परिजनों ने इतना जरूर बताया है कि शबीना मानसिक रूप से कमजोर थी. हालांकि पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर ही है. वहीं फोरेंसिक टीमें घटना स्थल पर मिले सबूतों की जांच कर रही है.पुलिस के मुताबिक इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक किसी तरह का बयान देना जल्दबाजी होगी.
