श्रावस्ती में खाकी पर दाग! 16 साल की छात्रा की मौत मामले में सिपाही गिरफ्तार, SP ने किया सस्पेंड

श्रावस्ती में एक पुलिसकर्मी पर 16 वर्षीय छात्रा को प्रेमजाल में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है. छात्रा ने इससे आहत होकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने अब आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही उसे एसपी ने निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.

पुलिसकर्मी के उत्पीड़न से 16 साल की छात्रा की आत्महत्या, आरोपी गिरफ्तार

श्रावस्ती में पुलिस की वर्दी को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है. सिरसिया थाना क्षेत्र में 2 अगस्त को 16 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में एक हेड कांस्टेबल पर नाबालिग छात्रा को कथित तौर पर अपने प्रेमजाल में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप सामने आया है.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी हेड कांस्टेबल का नाम रामकेश है, जिसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, एसपी राहुल भाटी ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं. छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच की मांग की थी. आरोप है कि सिपाही की हरकत से परेशान होकर छात्रा ने अपनी जान दे दी.

आरोपी, छात्रा से लगातार बातचीत करता था

मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस टीम और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला गया, जिसके आधार पर आरोपी मुख्य आरक्षी रामकेश की संलिप्तता की पुष्टि हुई. पुलिस के अनुसार, हेड कांस्टेबल रामकेश छात्रा के संपर्क में था और उसके साथ लगातार बातचीत करता था. छात्रा को इससे क्षुब्ध होकर आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाना पड़ा.

मामले की पुष्टि करते एएसपी श्रावस्ती चंद्रकेश सिंह ने बताया कि सिरसिया थाने में तैनात पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच में आरोप सामने आए हैं. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी को निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं.

पुलिस महकमे में अनुशासन पर गंभीर सवाल

खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाले इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल तो भेज दिया है, लेकिन इस घटना ने प्रशासनिक तंत्र और पुलिस महकमे के भीतर अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. देखना होगा कि विभागीय जांच में इस आरोपी सिपाही पर और क्या कड़े कदम उठाए जाते हैं.

Follow Us