बेटी की लव मैरिज से खफा था हिस्ट्रीशीटर पिता, समधी को गोलियों से भून डाला
सीतापुर में प्रेम विवाह की रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई. एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक ड्यूटी से लौट रहा था जब आरोपियों ने उसे रोका. पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित दो को हिरासत में लिया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
सीतापुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक हिस्ट्रीशीटर ने कथित तौर पर अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या कर दी. शुरूआती जांच में, हत्या के पीछे लव मैरिज को लेकर दोनों परिवारों के बीच चल रहा पुराना विवाद सामने आया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मृतक की पहचान विजय विक्रम (55) के रूप में हुई है, वह सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे. पुलिस के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर प्लैटिना बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव के बाहर गन्ने के खेत के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी.
आरोपी इमलिया सुल्तानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर
बताया जा रहा है कि गोली लगते ही विजय विक्रम सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए. जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बदलू, जो इमलिया सुल्तानपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है, अपने भाई महेश और अन्य 5 साथियों के साथ पहले से मौके पर मौजूद था.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने मृतक के आने-जाने के समय और रास्ते की पहले से रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जड़ में पारिवारिक विवाद और प्रेम विवाह बताया जा रहा है. बदलू की बेटी ने विजय विक्रम के बेटे से लगभग छह महीने पहले घर से भागकर विवाह कर लिया था.
पहले पति से तलाक, फिर भागकर की लव मैरिज
बताया गया कि बदलू की बेटी मनोरमा की पहले शादी हो चुकी थी लेकिन बाद में उसने अपने पति से तलाक ले लिया. इसी दौरान उसका गांव के ही विजय विक्रम के बेटे अंग्रेज से प्रेम संबंध हो गया. दोनों ने लगभग छह महीने पहले घर से भागकर विवाह कर ली और दूसरे गांव में रहने लगे. इसी कारण दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता चला गया.
मृतक विजय विक्रम अपने पीछे पत्नी विजय लक्ष्मी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं. वहीं आरोपी बदलू अपने परिवार के साथ बेलामऊ खुर्द गांव में रहता है. उसके तीन बेटे हैं और वह अपने भाई महेश के परिवार के साथ संयुक्त रूप से खेती-किसानी करता है. पुलिस मुख्य आरोपी बदलू और उसके भाई महेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी होगी- पुलिस
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. दो लोग हिरासत में हैं, अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.