बेबसी में युवक ने की चोरी, फिर दुकानदार को लिखा लेटर, पश्चताप पड़ गया भारी!
सीतापुर के रामपुर मथुरा मार्ग स्थित चतुराबेहड़ गांव में दिलीप वर्मा की कृषि यंत्रों की दुकान है. सोमवार देर रात यहां एक ट्रैक्टर चालक अपने एक साथी के साथ उनके दुकान पर पहुंचा और फिर वहां से कृषि यंत्र चोरी कर ले गया. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. हालांकि शुरुआती दौर में चोरों की पहचान नहीं हो सकी.
सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने पहले तो कृषि यंत्र चोरी किया. फिर दुकानदार के नाम एक पत्र लिखा. इसके बाद चोरी किया हुआ सामान वापस रखने पहुंच गया. लेकिन सामान लौटाने की कोशिश उसपर भारी पड़ गई. वह ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया. लेकिन इस दौरान दोनों पक्ष के बीच समझौता हो गया. दुकानदार ने युवक पर कार्रवाई से इनकार कर दिया.
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी चोरी की वारदात
यह मामला रामपुर मथुरा मार्ग स्थित चतुराबेहड़ गांव का है. यहां दिलीप वर्मा की कृषि यंत्रों की दुकान है. सोमवार देर रात एक ट्रैक्टर चालक अपने एक साथी के साथ उनकी दुकान पर पहुंचा. फिर वहां से कृषि यंत्र चोरी कर ले गया. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. हालांकि शुरुआती दौर में चोरों की पहचान नहीं हो सकी.
चोरी करने के बाद युवक ने दुकानदार के नाम लिखा पत्र
घटना के बाद एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है. आरोपी युवक ने चोरी करने के दौरान दुकानदार के नाम एक पत्र लिखा था. इसे उसने ट्रैक्टर के टूल बॉक्स में रख दिया. पत्र में युवक ने लिखा कि वह बुरी संगत में पड़कर बर्बाद हो गया है. उसे रोटावेटर की जरूरत थी. उसने यह भी लिखा कि वह चोरी किए गए कृषि यंत्र की रकम तीन वर्षों में लौटा देगा.
गांव से कुछ दूरी पर पकड़ा गया युवक
मंगलवार यानी 11 मई की देर रात दुकान मालिक दिलीप वर्मा को सूचना मिली कि चतुराबेहड़ ईंट-भट्ठे के पास एक ट्रैक्टर और कृषि यंत्र खड़ा है. सूचना मिलते ही दुकानदार ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गया. वहां पूछताछ के दौरान ट्रैक्टर लेकर आया युवक पकड़ लिया गया. आरोपी ने बताया कि वह चोरी किया गया कृषि यंत्र वापस करने आया था. मौका मिलते ही उसे वहां छोड़कर चला जाता.
पुलिस ने क्या बताया?
यह सब कुछ हो ही रहा था उसी दौरान सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. इस मसले पर महमूदाबाद इंस्पेक्टर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है. दुकानदार ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई करने से मना कर दिया. फिलहला, इस अनोखे मामले की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है.