मां पर काला जादू करने का शक, पड़ोसी ने उसके मासूम बेटे की कर दी हत्या; अंधेरे में रेत डाला गला

सोनभद्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक दस साल के मासूम की निर्मम हत्या हत्या कर दी गई. आरोपी पड़ोस का रहने वाला है, उसे मृतक के मां पर जादू-टोना करने का शक था, इसी के चलते उसने मासूम का गला रेत दिया. उसने 15 साल पुरानी घटना को लेकर यह कदम उठाया.

अंधविश्वास के शक में मासूम की हत्या Image Credit:

सोनभद्र में एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां पन्नूगंज थाना क्षेत्र में 10 साल के मासूम की जादू-टोना के शक में निर्मम हत्या कर दी गई. पड़ोसी युवक ने अंधविश्वास के चलते बच्चे का गला रेत दिया. पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा कर दिया. साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है.

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. एसपी अभिषेक वर्मा जांच के लिए कई टीमों का गठन किया गया था. रविवार को आरोपी को पकरहट नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को शक था कि मृतक बालक की मां जादू-टोना करती है और उसी के कारण उसके परिवार पर संकट आया है.

भाई की जलकर हुई थी मौत, जादू-टोना का शक

दरअसल, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कस्बा रामगढ़ में रहने वाले दस वर्षीय बालक आर्यन गुप्ता पुत्र राजू गुप्ता बीते 14 मार्च की रात अपने एक साथी के साथ खेलकर घर लौट रहा था. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दिवाकर गुप्ता पुत्र गुलाब गुप्ता (20) ने बच्चे को रोक लिया और अंधेरे का धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी.

इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी को लंबे समय से यह शक था कि मृतक बालक की मां जादू-टोना करती है. आरोपी का कहना है कि करीब 15 साल पहले उसके भाई की जलकर मौत हो गई थी और तब से उसे लगता था कि यह सब जादू-टोना के कारण हुआ है.

आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की तैयारी

इसी अंधविश्वास के चलते आरोपी ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर एसओजी और पन्नूगंज पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया. जिसने आरोपी को पकरहट नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है.

रिपोर्ट- मोहित मिश्रा, टीवी9

Follow Us