यूपी सिपाही परीक्षा में नकल गिरोह का भंडाफोड़, STF ने मास्टरमाइंड समेत दो को जौनपुर से दबोचा

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 में अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. एसटीएफ ने जौनपुर से मुख्य सरगना राजू कुमार मांझी और सक्रिय सदस्य छोटे लाल यादव को गिरफ्तार किया. यह गिरोह पास कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश एसटीएफ की टीम को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में एक नकल गिरोह का भंडाफोड़ किया है. STF ने अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना और 1 सकिय सदस्य को गिरफ्तार किया. आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रवेश पत्र, मोबाइल और व्हाट्सएप चैट बरामद हुए हैं.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान गिरोह के सरगना राजू कुमार मांझी पुत्र सुनील मांझी और सदस्य छोटे लाल यादव पुत्र शारदा प्रसाद यादव के रुप में हुई है. राजू कुमार मांझी, बिहार के सिवान का रहना वाला है. जबकि छोटे लाल यादव बड़ागंव थाना मुगरा बादशाहपुर जौनपुर के रहने वाला हैं. STF ने दोनों आरोपियों को जौनपुर से गिरफ्तार किया है.

अभ्यर्थियों को प्रलोभन देकर वसूलते थे मोटी रकम

परीक्षा में नकल कराने, साल्वर उपलब्ध कराकर परीक्षा को भंग करने का प्रयास करने वाले गिरोह को पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दोनों को दबोचा गया. दोनों आरोपी, अभ्यर्थियों से नकल कराकर परीक्षा पास कराने के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलते थे. इनके कब्जे से 21 प्रवेश पत्र की छायाप्रति, 4 अंकपत्र की छायाप्रति, 13 व्हाट्सएप चैट मिले हैं.

STF द्वारा पूछताछ पर गिरफ्तार आरोपी राजू कुमार मांझी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षा में सक्रिय था. वह अभ्यर्थियों को पास कराने का प्रलोभन देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था. इसमें उसके साथी छोटे लाल यादव एवं अन्य भी शामिल हैं, जो अभ्यर्थियों की तलाश करते हैं.

राजू मांझी 2022 में ठगी के चलते गया था जेल

मास्टरमाइंड राजू कुमार मांझी ने बताया कि गिरोह में शामिल अन्य सदस्य अभ्यर्थियों से प्रवेश पत्र लेकर पैसों की वसूली किया करते थे. इसके बाद अवैध रूप से वसूली गई धनराशि को यह लोग आपस में बांट लेते थे. राजू कुमार मांझी 2022 में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी और ठगी करने के मामले में गिरफ्तार होकर जेल भी जा चुका है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राजू कुमार मांझी का अन्य मामलों में भी पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने गिरफ्तार राजू कुमार मांझी और छोटे लाल यादव के खिलाफ थाना मुगरा बादशाहपुर जनपद जौनपुर में बीएनएस की धारा-318 (4) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Follow Us