लखनऊ में लुलु मॉल के पास बनेगा 100 मीटर लंबा स्काई वॉक, LDA ने दी मंजूरी; 18 करोड़ होंगे खर्च

लखनऊ के शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास 100 मीटर लंबा स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) बनेगा. एलडीए ने पीपीपी मॉडल पर इसे मंजूरी दी है, जिसमें निजी कंपनी 18 करोड़ रुपये खर्च करेगी. इसमें लिफ्ट, ग्रीन एरिया और कॉमर्शियल स्पेस जैसी सुविधाएं होंगी, जो शहरवासियों को आधुनिक अर्बन एक्सपीरियंस देगा.

शहीद पथ पर 100 मीटर फुट ओवरब्रिज को LDA की मंजूरी

लखनऊ के शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास 100 मीटर लंबा स्काई वॉक (फुट ओवरब्रिज) बनेगा. 100 मीटर लंबा और 05 मीटर चौड़ा यह फुट ओवरब्रिज नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन देगा. साथ ही अपनी आईकॉनिक डिजाइन के साथ एक बेहतरीन अर्बन स्पेस के रूप में सामने आएगा. एलडीए ने पीपीपी मॉडल पर इसे मंजूरी दे दी है.

लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई एक अहम बैठक में परियोजना का प्रेजेंटेशन दिया गया. जिसमें फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए हरी झंडी दे दी गई है. इसके निर्माण से शहीद पथ जैसे व्यस्त मार्ग पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं बाधारहित आवागमन उपलब्ध होगा.

स्काई वॉक में सीढ़ियों के अलावा लिफ्ट भी होगा

LDA ने पीपीपी मोड पर फुट ओवरब्रिज के निर्माण के लिए एक निजी कंपनी के साथ करार किया है. इसके निर्माण पर लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत आएगी, जिसका पूरा खर्च कंपनी द्वारा किया जाएगा. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास आधुनिक फुट ओवरब्रिज के निर्माण की कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया गया है.

फुट ओवरब्रिज में यात्रियों की सुविधा के लिए सीढ़ियों के अलावा लिफ्ट का भी प्रावधान किया गया है. इससे वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग जनों एवं महिलाओं को विशेष सुविधा होगी. उपाध्यक्ष ने बताया कि लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस, लेसा और लुलु मॉल प्रबंधन के साथ बैठक करके फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं.

बेहतरीन अर्बन स्पेस के रूप में होगा विकसित

इस परियोजना के तहत ग्राउंड फ्लोर पर लगभग 1200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में आकर्षक ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा. जिसमें कियोस्क, सार्वजनिक उपयोग के लिए इंटरैक्टिव स्पेस, ट्ायलेट तथा पार्किंग की सुविधा होगी. इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर, मेजेनाइन फ्लोर तथा प्रथम तल पर कॉमर्शियल स्पेस विकसित किया जाएगा.

साथ ही फुट ओवरब्रिज के रूफ टॉप पर ओपन एयर रेस्टोरेंट और एलईडी स्क्रीन आदि की सुविधा होगी. इससे यह परियोजना बेहतरीन अर्बन स्पेस के रूप में सामने आएगी. फुट ओवरब्रिज में एंटी-स्किड फ्लोरिंग, मजबूत रेलिंग, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट साइनेज, अग्निरोधी विद्युत फिटिंग तथा भूकंपरोधी डिजाइन का प्रावधान किया गया है.

Follow Us