कौन है वाराणसी छात्रा की संदिग्ध मौत का आरोपी मोहम्मद समीर? साल भर से दोनों रिलेशन में थे

वाराणसी में एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर GNM छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. घटना के बाद पुलिस ने छात्रा के दोस्त मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया है. समीर पर छात्रा की मौत में संलिप्तता का आरोप है, जिसके साथ वह करीब एक साल से संबंध में थी. दोनों एक ही कॉलेज से पास आउट थे.

पुलिस ने छात्रा के दोस्त मोहम्मद समीर को हिरासत में लिया

वाराणसी में सारनाथ थाना क्षेत्र के एक बॉयज हॉस्टल के सीढ़ियों पर जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (GNM) की छात्रा का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ. छात्रा के शव के पास ही कुछ दवाई भी बरामद हुई है. इसके बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि छात्रा घर से खाना बनाकर टिफिन में पैक करके बॉयज हॉस्टल पहुंची थी और करीब 2 घंटे तक वहां रही.

हॉस्टल में शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली चली गई थी जिसे ठीक करने आए इलेक्ट्रीशियन ने छात्रा के शव को हॉस्टल की सीढ़ियों पर देखा. इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू किया. इलेक्ट्रीशियन के शोर मचाने के बाद गार्ड और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो छात्रा के निजी अंगों से खून बह रहा था और वह बदहवास हाल में सीढ़ियों पर पड़ी हुई थी.

छात्रा की मौत का आरोपी मोहम्मद समीर कौन है?

इस मामले में मृतक छात्रा का दोस्त और उसी के कॉलेज के थर्ड ईयर का छात्र मोहम्मद समीर इस मामले में आरोपी है. आरोपी समीर पुलिस हिरासत में है और पुलिस लगातार उससे पूछताछ कर रही है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है ताकि आरोपी के ख़िलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा सके.

बीस साल का आरोपी मोहम्मद समीर जौनपुर के मीरगंज थानाक्षेत्र के करियांव गांव का रहने वाला है. वो GNM के थर्ड ईयर का छात्र है. उसकी पहचान कॉलेज के हीरो के रूप में है. वो influence कर लेने में माहिर है और कॉलेज के कल्चरल प्रोग्राम में बढ़चढ़कर हिस्सा लेता है.मृतक छात्रा जो उससे एक साल जूनियर थी उसके साथ वह साल भर से रिलेशन में था.

घटना के दिन छात्रा बिरयानी लाना चाहती थी

आरोपी मोहम्मद समीर और मृतक छात्रा घंटों एक साथ समय बिताते और लंच करते थे. बुधवार को भी जिस दिन घटना घटी, छात्रा उसके लिए बिरयानी बनवा कर लाना चाहती थी. लेकिन उसकी मां ने कहा कि आज पराठा सब्जी ले जाओ बिरयानी किसी और दिन अपनी सहेली को खिला देना. लेकिन घटना के दिन दोनों ने खाना नहीं खाया, टिफिन भरे थे.

छात्रा की सोच थी कि एक ही कॉलेज से पास आउट हो कर किसी अच्छे हॉस्पिटल में जॉब करने के बाद वो दोनों शादी कर लेंगे. लेकिन समीर के दिल में कुछ और ही था. हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ये तय हो पाएगा कि छात्रा के साथ क्या कुछ हुआ था? लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि मृतक छात्रा छह महीने पहले भी प्रेग्नेंट हुई थी.

प्रेग्नेंट होने के बाद कराया गया था उसका एबॉर्शन

छात्रा के प्रेग्नेंट होने के बाद उसका एबॉर्शन कराया गया था. मृतक छात्रा के पिता चंदौली में कांस्टेबल हैं और आज देर रात तक परिवार के सारनाथ थाने पहुंचने की सूचना है. परिवार की तहरीर के बाद ही आगे की कार्रवाई आगे बढ़ेगी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट भी आज देर रात तक या फिर कल सुबह तक आएगी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है.

Follow Us