लव मैरिज बना शिवकुमार की मौत का कारण, पत्नी के परिवार ने गांव में ‘इज्जत’ के चलते ले ली जान

सहारनपुर में शिवकुमार हत्याकांड का खुलासा हुआ है. प्रेम विवाह के चलते परिवार की 'इज्जत' खराब होने से गुस्साए पत्नी के परिवार ने हत्या की साजिश रची. पुलिस ने पत्नी की मां, मामा और समेत तीन को गिरफ्तार किया है. शिवकुमार अपनी पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने गया था, जब उसकी गोली मारकर हत्या हुई.

पुलिस (फाइल फोटो)

सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान हुए चर्चित शिवकुमार हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मामले में शिवकुमार की पत्नी आकांक्षा की मां, मामा और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है.

दरअसल, 9 जून को शामली के गांव खेड़ी बैरागी निवासी शिवकुमार (24) अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने रामपुर मनिहारान आया था. परीक्षा समाप्त होने के बाद कार में लौटते समय उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मृतक के पिता सुलेखचंद की तहरीर पर पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था.

‘परिवार को गांव में लगातार ताने सुनने पड़ रहे थे’

DIG अभिषेक सिंह और SSP अभिनंदन ने इस मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तीरी के लिए कई टीमों का गठन किया था. पुलिस की स्वाट टीम और रामपुर मनिहारान पुलिस ने आकांक्षा के मामा कर्मवीर, उसकी मां विमला और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में कर्मवीर ने बताया कि दोनों के प्रेम विवाद से गांव में उनकी इज्जत खराब हो रही थी.

उसने बताया कि शिवकुमार और उसकी भांजी आकांक्षा के बीच पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध थे. दोनों एक ही गांव और बिरादरी के होने के बावजूद परिवार की इच्छा के खिलाफ फरवरी 2026 में प्रेम विवाह कर चुके थे और मुजफ्फरनगर में रह रहे थे. आरोपी के अनुसार, इस प्रेम विवाह के बाद परिवार को गांव में लगातार ताने सुनने पड़ रहे थे.

कार का पीछा कर तमंचे से सिर में गोली मारी

पूछताछ में आरोपी कर्मवीर ने बताया कि परिवार ने कई बार दोनों को समझाने का प्रयास किया था, लेकिन वे नहीं माने. ऐसे में परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा के चलते हत्या की साजिश रची गई. पुलिस के अनुसार 9 जून को जब आकांक्षा पुलिस भर्ती परीक्षा देने रामपुर मनिहारान पहुंची तो उसकी मां विमला, मामा कर्मवीर और अन्य परिजन भी वहां पहुंचे.

उन्होंने आकांक्षा को घर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने आपस में योजना बनाई कि अब शिवकुमार और आकांक्षा को जिंदा नहीं छोड़ेंगे. इसके बाद कर्मवीर, मंजीत और रवि बाइक से शिवकुमार की कार के पीछे लग गए. मौका मिलते ही रवि ने कार की खिड़की के बराबर पहुंचकर तमंचे से सिर में गोली मार दी.

तीन अरेस्ट, मामले में फरार मंजीत की तलाश

इस घटना में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए थे. वहीं, अब पुलिस ने आकांक्षा की मां विमला और मामा कर्मवीर को गिरफ्तार किया. इसके अलावा मंजीत के दोस्त रवि कुमार को भी दबोच लिया और हत्या में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस बरामद किए गए. मामले में फरार मंजीत की तलाश जारी है.

Follow Us