‘टिकट के चक्कर में न पड़ें…’, पंकज चौधरी ने अवध के पदाधिकारियों को दिया 82 सीटों का टारगेट

भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस ली है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि टिकट की चिंता छोड़ संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दें. पार्टी ने अवध में पदाधिकारियों को सभी 82 सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है.

यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (फाइल फोटो) Image Credit:

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भाजपा ने संगठन को चुनावी मोड में लाना शुरू कर दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों को साफ संदेश दिया है कि अभी टिकट की चिंता करने का समय नहीं है. संगठन का फोकस एक ही लक्ष्य पर होना चाहिए, 2027 में भाजपा की जीत.

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अवध क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा कि वे टिकट पाने की होड़ में न पड़ें, बल्कि संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में जुटें. उन्होंने अवध में सभी 82 सीटों पर भाजपा की जीत का लक्ष्य सामने रखते हुए पदाधिकारियों को अभी से मैदान में उतरने के निर्देश दिए हैं.

टिकट नहीं, संगठन और जीत पर फोकस

प्रदेश अध्यक्ष का संदेश ऐसे समय आया है, जब भाजपा में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियां तेज हो गई हैं. पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और हारी हुई सीटों पर विशेष रणनीति बनाने में जुटी है.

पंकज चौधरी ने पदाधिकारियों से कहा कि व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा से ज्यादा जरूरी पार्टी की जीत है. टिकट किसे मिलेगा, इसका फैसला पार्टी नेतृत्व करेगा, लेकिन कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी अभी से अपने-अपने क्षेत्र में संगठन को मजबूत करना है.

अवध की 82 सीटों पर नजर, हर बूथ पर सक्रियता

भाजपा नेतृत्व का खास जोर बूथ मैनेजमेंट पर है. प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह पहले भी क्षेत्रीय पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकों में बूथ समितियों को मजबूत करने, उनका भौतिक सत्यापन कराने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दे चुके हैं.

पार्टी का लक्ष्य है कि चुनाव से पहले बूथ स्तर पर संगठन पूरी तरह सक्रिय हो और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से लेकर समाज के अलग-अलग वर्गों तक भाजपा का सीधा संपर्क मजबूत हो.

नई टीम को चुनावी जिम्मेदारियां देने पर जोर

दरअसल भाजपा ने यूपी में संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. अवध समेत अलग-अलग क्षेत्रों में जिला कार्यकारिणियों के गठन का काम किया गया है. अवध क्षेत्र के 15 जिलों में से 12 जिलों की कार्यकारिणियां घोषित किए जाने की जानकारी सामने आई थी.

इसके बाद अब नई टीम को चुनावी जिम्मेदारियां देने और उसे बूथ तक सक्रिय करने पर जोर है. भाजपा नेतृत्व की कोशिश है कि संगठन में नई ऊर्जा के साथ 2027 के लिए जमीन तैयार की जाए.

पारंपरिक वोट बैंक को बनाए रखने की चुनौती

पंकज चौधरी पहले ही दावा कर चुके हैं कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 2022 के मुकाबले बड़ी जीत हासिल करेगी. उन्होंने कहा था कि पार्टी बूथ स्तर के संगठन का सत्यापन कर रही है और जमीनी स्तर तक चुनाव के लिए तैयार है.

2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 403 में से 255 सीटें जीती थीं. ऐसे में 2027 के लिए पार्टी का लक्ष्य पिछली उपलब्धि को और आगे ले जाने का है.

सपा के PDA यानी पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक सामाजिक समीकरण के मुकाबले भाजपा संगठन और बूथ मैनेजमेंट को अपनी बड़ी ताकत के तौर पर पेश कर रही है. पंकज चौधरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग सामाजिक समूहों को साधने के साथ-साथ पार्टी के पारंपरिक वोट बैंक को मजबूती से बनाए रखने की है.

Follow Us