बिजनौर में डबल सैलरी का खेल! दो सरकारी कॉलेजों से वेतन ले रहे 3 प्रोफेसर गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में 'डबल सैलरी' का बड़ा घोटाला सामने आया है. धामपुर के एसबीडी डिग्री कॉलेज के तीन प्रोफेसरों को दो अलग-अलग कॉलेजों से एक साथ वेतन लेने के आरोप में जेल भेज दिया गया है. कॉलेज के प्रिंसिपल की शिकायत पर इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है.
बिजनौर से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के धामपुर क्षेत्र में स्थित एसबीडी डिग्री कॉलेज से जुड़े तीन शिक्षकों (प्रोफेसर्स) को पुलिस ने वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. इन प्रोफेसर्स पर आरोप है कि ये नियमों को ताक पर रखकर दो अलग-अलग कालेजो से एक साथ सैलरी ले रहे थे.
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब एसबीडी कॉलेज के प्रचार्य की ओर से शिक्षकों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी और भुगतान में हेराफेरी की शिकायत की गई थी. इसके बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देश पर धामपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच में तीनों प्रोफेसर दूसरे सरकारी कॉलेज से भी वेतन लेते पाए गए.
देर रात दबिश देकर तीनों को पकड़ा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि तीनों प्रोफेसर एक ही अवधि में दो अलग-अलग कॉलेजों से जुड़े हुए थे. तीनों प्रोफेसर अफजलगढ के राधेलाल मेमोरियल डिग्री कालेज और धामपुर के सौभाग्यवती डिग्री कालेज में नियुक्त हैं और दोनों जगहो से लाखो रूपये वेतन प्राप्त कर रहे हैं. दोनों कालेज सरकारी है, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया.
आरोप है कि इन प्रोफेसरों ने दोनों संस्थानों से वेतन प्राप्त किया, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया. पुलिस ने रात में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया. इनमें लोकेंद्र कुमार निवासी दुर्गा विहार कालोनी धामपुर, पंकज कुमार निवासी नवादा चौहान नहटौर, मुकेश कुमार निवासी नजीबाबाद शामिल हैं.
खुलासे के बाद बिजनौर के कॉलेजों में हड़कंप
पुलिस ने इन तीनों ही आरोपियों से कड़ी पूछताछ करने के बाद धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में इनका चालान किया. साथ ही न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है. एक ही समय पर दो-दो जगहों से सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले इस बड़े खेल के खुलासे के बाद पूरे बिजनौर के कॉलेजों में हड़कंप मच गया है.