कोडिन सीरप से लेकर Malls पर रेड तक… IAS रोशन जैकब की कमान संभालते ही एक्शन में FSDA

उत्तर प्रदेश में आईएएस रोशन जैकब के एफएसडीए कमिश्नर बनते ही खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग एक्शन में आ गया है. नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा करने के बाद टीम ने लखनऊ के मॉल्स पर छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया है. मिलावटखोरों पर नकेल कसने का यह अभियान अब प्रदेशभर में चलेगा.

आईएएस रोशन जैकब के नेतृत्व से एफएसडीए को मिली नई जान Image Credit:

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से ठंडे पड़े खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) में अब नई जान आ गई है. वरिष्ठ आईएस रोशन जैकब के FSDA कमिश्नर बनने के बाद विभाग एक्शन में आ गया है. कोडिन युक्त कफ सिरप से लेकर अन्य नशीली दवाओं के अवैध व्यापार का खुलासा करने के बाद उनकी टीम ने लखनऊ के 7 मॉल्स में छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया है. इस छापेमारी के बाद बड़े ब्रॉण्ड्स के दुकानदारों की पोल खुल गई है.

एफएसडीए का चार्ज लेने के साथ ही आईएएस रोशन ने साफ कर दिया था कि मिलावटखोरों के साथ कोई हमदर्दी नहीं दिखाई जाएगी. उनके सख्त तेवर को देखते हुए विभागीय अधिकारी भी हरकत में आ गए. इसकी शुरूआत दवाओं के अवैध कारोबार पर दबिश के साथ हुई. इसमें प्रदेश भर फैले इतने बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सका है. वहीं बुधवार को उनकी टीम ने राजधानी लखनऊ के 7 मॉल्स में संचालित 60 से अधिक प्रतिष्ठित फूडकोर्ट में दबिश देकर साफ कर दिया है कि मिलावटखोर अब बचने वाले नहीं हैं.

दो महीने पहले संभाला था चार्ज

आईएएस रोशन जैकब ने अक्टूबर महीने में ही एफएसडीए का चार्ज संभाला था. इससे पहले वह लखनऊ में मंडलायुक्त थीं. 7 साल तक लखनऊ की मंडलायुक्त रहने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने खाद्य सुरक्षा और औषधि प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है. डॉ. रोशन जैकब को सीएम योगी की पसंदीदा अफसरों में गिना जाता है. प्रदेश के कई जिलों में डीएम की कुर्सी संभाल चुकीं डॉ. जैकब माइनिंग डिपार्टमेंट में पहली महिला डॉयरेक्टर बनी थीं.

मिलावट के खिलाफ बड़ा एक्शन

डॉ. रोशन जैकब के नेतृत्व में एक्टिव हुई एफएसडीए की टीम ने मिलावट के खिलाफ प्रदेश भर में बड़ा अभियान शुरू किया है. यह कार्रवाई नकली दवाओं से लेकर खाद्य पदार्थों की मिलावट के खिलाफ हो रही है. इसके लिए अलग-अलग टीमें पूरी रणनीति के तहत काम कर रही हैं. इसमें एक टीम केवल सूचना एकत्र कर रही है तो दूसरी टीमें दबिश और इन सूचनाओं के सत्यापन का काम कर रही हैं. इसी रणनीति पर काम करते हुए इस टीम ने कोडिन युक्त कफ सिरफ की तस्करी का खुलासा किया था. मंगलवार को लखनऊ के मॉल्स में हुई कार्रवाई को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

केरल की हैं डॉ. जैकब

आईएएस डॉ. रोजशन जैकब मूल रूप से केरल में तिरुवनंतपुरम की रहने वाली हैं. उनके पिता पिटी केरल में सरकारी कर्मचारी थे. वहीं मां एलेयाम्मा वर्गीज भी सरकारी सेवा में थीं. उनकी शुरुआती पढ़ाई तिरुवनंतपुरम के सर्वोदय विद्यालय में हुई और उनके बाद उन्होंने गवर्मेंट कॉलेज फॉर वीमेन से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की. 2004 बैच की आईएएस डॉ. जैकब की गिनती यूपी के तेज तर्रार IAS अफसर में होती है.

Follow Us