अनामिका शुक्ला मामले में कोर्ट का सख्त रुख… BSA समेत 6 अफसरों पर FIR के आदेश

यूपी के गोंडा की चर्चित अनामिका शुक्ला का मामला, जिसमें उसके नाम पर 25 लोग फर्जी तरीके से नौकरी कर रहे थे. अब इसी मामले में कोर्ट ने BSA समेत 6 लोगों पर FIR करने के आदेश दिए हैं. कोर्ट ने इसे लेकर 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है.

BSA समेत 6 लोगों पर FIR Image Credit:

गोंडा जिले के चर्चित अनामिका शुक्ला केस में कोर्ट ने सख्त रुख अख्तियार किया है. इस मामले में कोर्ट ने बेसिक शिक्षा अधिकारी BSA अतुल कुमार तिवारी समेत 6 अफसरों के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं. ये मामला साल 2017 का है, जब अनामिका शुक्ला ने शिकायत दर्ज कराई की थी कि वो बेरोजगार हैं. लेकिन उनके नाम पर लगातार सरकारी वेतन निकाला जा रहा है.

अफसरों पर ये आरोप

इसी को लेकर ‘जनसंवाद मंच’ नाम की सामाजिक संस्था ने अदालत में याचिका दायर की थी. संस्था के सचिव प्रदीप कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो बेरोजगारों के शैक्षिक दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी नियुक्तियां करता है और इसके जरिए सरकारी पैसे की उगाही की जाती है.

फर्जीवाड़ा हुआ उजागर

याचिकाकर्ता के मुताबिक अनामिका की डिग्री का इस्तेमाल कर उनके नाम पर शिक्षकों की नियुक्ति की गई, जबकि उनको इस बात की भनक तक नहीं लगी. उन्होंने कभी नौकरी भी जॉइन ही नहीं की. इसके बावजूद 2017 से वेतन निर्गत होता रहा.

2020 में उन्हें एक अस्थायी नियुक्ति पत्र भी दिया गया, जिससे फर्जीवाड़ा पूरी तरह से उजागर हो गया. BSA की रिपोर्ट में भी ये स्पष्ट किया गया कि विभाग द्वारा अनामिका की कोई नियुक्ति नहीं की गई थी और न ही उनके आदेश से कोई वेतन जारी किया गया.

इन अफसरों पर FIR

जिन अफसरों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं, उनमें बीएसए अतुल कुमार तिवारी, पटल लिपिक सुधीर सिंह और अनुपम पांडे, वित्त एवं लेखाधिकारी सिद्धार्थ दीक्षित और एक स्कूल के प्रबंधक व प्रधानाचार्य शामिल हैं. कोर्ट ने नगर कोतवाली पुलिस को 10 दिनों के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है.

Follow Us