यूपी में फिर बिगड़ा मौसम, अगले 3 दिन बारिश से राहत नहीं, आज 40 से ज्यादा जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है, खासकर बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज जैसे क्षेत्रों में. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में पूर्वी यूपी में भारी बारिश होने की संभावना है. 40 से ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी है. इस दौरान तापमान में 2-4°C की गिरावट का अनुमान है.

पूर्वी यूपी में अगले 3 दिनों का बारिश का अनुमान

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है. मॉनसून की एक्टिविटी बढ़ने से, अगले 48 घंटों में पूर्वी यूपी में भारी बारिश होने की संभावना है. साथ ही अगले तीन दिन में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. यानी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में भी इससे राहत मिलने के आसार नहीं हैं.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को 40 से ज्यादा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका है, IMD ने इसको लेकर पूर्वी यूपी में ऑरेंड अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को इस दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

40 से ज्यादा जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, रायबरेली और अमेठी में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन जिलों के अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम खराब रह सकता है.

इसके अलावा, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर और महोबा समेत कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन सकती है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान

प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली कड़कने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, गोंडा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, रायबरेली, अमेठी, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, झांसी समेत कई इलाकों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है.

अगले तीन दिन तापमान में भी गिरावट

बारिश के साथ प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है. अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं न्यूनतम तापमान में भी अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट का अनुमान है.

पूर्वी यूपी में सामान्य से कम बारिश

मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अब तक 625.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो मौसमी औसत से करीब 13 फीसदी कम है, वहीं पश्चिमी यूपी में 547.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो मौसमी औसत से करीब 3 फीसदी अधिक है. वहीं, पूरे प्रदेश में कुल बारिश 593.1 मिलीमीटर दर्ज हुई है, जो मौसमी औसत से करीब 7 फीसदी कम है.

Follow Us