यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा आज से, रेलवे स्टेशन से सेंटर तक सुरक्षा; प्रश्नपत्र के लिए ‘डबल लॉक’ सिस्टम
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती परीक्षा आज से शुरू होगी. तीन दिन में 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी 1053 केंद्रों पर परीक्षा देंगे. योगी सरकार ने नकलविहीन और पारदर्शी भर्ती के लिए CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और ई-केवाईसी जैसे कड़े इंतजाम किए हैं. साथ ही प्रश्नपत्र सुरक्षा के लिए ‘डबल लॉक’ सिस्टम है.
उत्तर प्रदेश में होमगार्ड के 41,424 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा शनिवार (25 अप्रैल) से शुरू हो रही है. यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल कुल तीन दिन आयोजित होंगी, जिसमें 25 लाख से अधिक अभ्यर्थी 1053 केंद्रों पर परीक्षा देंगे. योगी सरकार ने इस परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं.
यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर ने बताया कि परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक जिले में ASP स्तर के नोडल ऑफिसर बनाए गए हैं. सभी केंद्रों पर हर 240 परीक्षार्थियों पर एक निरीक्षक की तैनाती की गई है. परीक्षा केंद में प्रवेश द्वार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से सभी अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग होगी.
प्रश्नपत्र के लिए ‘डबल लॉक’ सिस्टम, रूट मैप रिहर्सल
होमगार्ड भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रदेश भर के 1053 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा केंद्र पर CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और ई-केवाईसी जैसे कड़े इंतजाम किए हैं. साथ ही प्रश्नपत्रों को कोषागार में डबल लॉक व्यवस्था में रखा गया है, जिसकी चाबियां अलग-अलग अधिकारियों के पास रहेंगी.
स्ट्रॉन्ग रूम में 24 घंटे बिजली, इंटरनेट और अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. प्रश्नपत्रों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रूट मैप बनाकर सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) किया गया है. परिवहन के दौरान किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी पर पूर्ण प्रतिबंध रहा. सभी केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम में घड़ी, मोबाइल, ब्लूटूथ समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे.
रेलवे स्टेशन से लेकर स्ट्रॉन्ग रूम और सेंटर तक सुरक्षा
सभी परीक्षा केंद्रों का गहन सैनिटाइजेशन कराया गया है और छत, गैलरी, मैदान और वॉशरूम तक की सघन जांच की गई है, ताकि किसी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या आपत्तिजनक सामग्री छिपी न रह जाए. सभी केंद्रों और स्ट्रॉन्ग रूम में सीसीटीवी कैमरों से निरंतर निगरानी की जाएगी. साथ ही मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं.
वहीं, परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था की गई है. परीक्षा केंद्रों के आसपास यूपी-112 की गाड़ियां और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी. परीक्षा के लिए स्पेशल ट्रेन भी चलेगी. रेलवे ने तीनों दिन शाम 18.20 बजे लखनऊ से जौनपुर के लिए स्पेशल ट्रेन (04220) की शुरूआत की है.
केंद्रों पर आइरिस बायोमेट्रिक डेस्क स्थापित की जाएंगी
अभ्यर्थियों को केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और काला/नीला पेन लाने की अनुमति होगी. परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना होगा. इसके साथ ही केंद्रों पर आइरिस बायोमेट्रिक डेस्क स्थापित की जाएंगी, जहां अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा. इससे दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने वालों पर नकेल कसेगी.