डबल मर्डर के बाद हटाए गए बदायूं के SSP, अंकिता शर्मा को कमान; 7 IPS अफसरों का तबादला
उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. प्रदेश में कुल सात IPS अफसरों को इधर से उधर कर दिया गया है. बदायूं के एसएसपी बृजेश सिंह को डबल मर्डर के बाद हटाया गया है, और अंकिता शर्मा को नया SSP नियुक्त किया गया है. वहीं, गोरखपुर के एएसपी को भदोही में एसपी बनाकर भेजा गया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है. प्रदेश में एक साथ कुल सात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले हुए हैं. इसमें फतेहपुर, कासगंज और भदोही समेत गोरखपुर भी शामिल है. वहीं, हाल में बदायूं में डबल मर्डर के बाद वहां के एसएसपी को हटाया गया है, और अंकिता शर्मा को नया SSP नियुक्त किया गया है.
वहीं, 2018 बैच के आईपीएस, अभिमन्यु मांगलिक को भदोही से हटाकर फतेहपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. जबकि के एसपी अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, सम्बद्ध, मुख्यालय लखनऊ भेजा गया. वह 2014 बैच के आईपीएस हैं. इसके अलावा, अभिनव त्यागी को गोरखपुर (नगर) के एएसपी से तबादला कर भदोही के पुलिस अधीक्षक का जिम्मा सौंपा गया.
पाटिल निमिष दशरथ को गोरखपुर एएसपी का कमान
2020 बैच के IPS पाटिल निमिष दशरथ को अपर पुलिस अधीक्षक, गोरखपुर का जिम्मा मिला है. वह पुलिस
कमिश्ररेट गाजियाबाद में अपर पुलिस उपायुक्त पद पर तैनात थे. वहीं, फिलहाल उनके रिक्त पद पर किसी की नियुक्ति नहीं की गई है. वहीं, लॉजिस्टिक्स, लखनऊ में एसपी ओम प्रकाश सिंह-I को कासगंज का नया कप्तान बनाया गया है.
बदायूं एसएसपी को लॉजिस्टिक्स लखनऊ SP का जिम्मा
जबकि कासगंज में एसपी के पद पर तैनात अंकिता शर्मा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बनाकर बदायूं भेजा गया है. वह आईपीएस-आरआर-2018 बैच से आती हैं. डबल मर्डर की वारदात के बाद बदायूं एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, लॉजिस्टिक्स लखनऊ पद पर नियुक्त किया गया है. वह 2013 बैच के IPS अधिकारी हैं.
बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र में सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड HPCL पावर प्लांट में गुरुवार को जनरल मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. प्लांट के पूर्व कर्मचारी ने दोनों के सीने में गोली मारी. मृतक पहले अपनी जान को खतरा बताते हुए शिकायत भी दर्ज कराई थी, जो बड़ी लापरवाही की ओर इशारा करता हैं.