यूपी में मौसम का यू-टर्न! इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 75 KM/H की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और 75 किमी/घंटे तक की तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है. आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह है.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) लखनऊ के अनुसार सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई.ॉ
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में तेज बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं. अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही मिजाज बने रहने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
इसके अलावा लखनऊ, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बिजनौर, अमरोहा, संभल सहित कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान में अगले पांच दिनों के दौरान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है. वहीं न्यूनतम तापमान में अगले दो दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है. साथ ही लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.