लो प्रेशर का असर! नेपाल से सटे इलाकों में जमकर बरसेंगे बदरा, 18 जिलों में IMD का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लो प्रेशर एरिया के कारण अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी. खासकर नेपाल से सटे जिलों में इसका ज्यादा असर दिखेगा. मौसम विभाग ने आज 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया.
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर अभी थमने वाला नहीं है. लो प्रेशर एरिया के असर से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में नेपाल से सटे जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा कुछ अन्य जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) की लखनऊ केंद्र के मुताबिक, सोमवार से मॉनसून की एक्टिविटी में कुछ कमी आने की वजह से, अगले तीन दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. IMD ने अयोध्या, गोरखपुर और खीरी समेत कुल 18 जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी दी है. साथ ही मौसम को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, बहराइच, बलरामपुर, गोंडा, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, श्रावस्ती और आस-पास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. नेपाल सीमा से सटे जिलों में बारिश की तीव्रता ज्यादा रहने का अनुमान है. ऐसे में इन इलाकों में लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह है.
इसके अलावा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देविया, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, संतकबीर नगर, अयोध्या और बाराबंकी में अनेक स्थान पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. बारिश के कारण इन इलाकों में जलभराव और आवागमन प्रभावित होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं. IMD ने मौसम को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है.
तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में फिर इतनी ही बढ़ोतरी होने की संभावना है.
वहीं, शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान बस्ती में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान नजाबाबाद में 21.0 डिग्री सेल्सियस रहा.
