UP में मानसून मेहरबान, 3-4 दिन और झमाझम बारिश के आसार; कई जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है, जिससे भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिली है. IMD) के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.आज कुल 28 जिलों में ऑरेंज और बांकी हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किए गए हैं.
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है. पिछले दो दिनों से हो रही बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी है. प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलीं. विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आ सकती है.
आज 28 जिलों में भारी बारिश होने के अनुमान
IMD के अनुसार सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, हापुड़, संभल, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन और हमीरपुर में अधिकांश स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
वहीं अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, झांसी, अमेठी, बांदा, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बलिया, बस्ती और महाराजगंज में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर, बरेली, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, हमीरपुर और महोबा के लिए मेघगर्जन और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं लखनऊ, नोएडा, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस सुल्तानपुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस हरदोई में रिकॉर्ड किया गया.