वाराणसी में ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय की मौत: छत से फेंकने का आरोप, चार दिन बाद FIR

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय आदर्श कुमार की तीन मंजिला मकान से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान विवाद के बाद उनके बेटे को छत से धक्का दिया गया. गंभीर हालत में आदर्श को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां कई दिनों के इलाज के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

वाराणसी के लंका थाने का मामला Image Credit:

वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में ब्लिंकिट के 21 वर्षीय डिलीवरी बॉय आदर्श कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में तीन मंजिला मकान से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद उनके बेटे को जान से मारने की नीयत से तीन मंजिला मकान की छत से नीचे फेंक दिया गया.

घटना के चार दिन बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार, आदर्श कुमार लंका थाना क्षेत्र के नरिया प्राइमरी स्कूल के पास स्थित सुदीप श्रीवास्तव के मकान में किराये पर रहता था. वह ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करता था. आदर्श मूल रूप से बलिया जनपद का रहने वाला था.

तीन मंजिला मकान से गिरा

आदर्श के पिता अरुण कुमार गुप्ता पिछले करीब 15 साल से वाराणसी में किराये के मकान में रह रहे हैं. बताया जा रहा है कि रविवार रात आदर्श को एक पार्टी में बुलाकर ले जाया गया था. इसी दौरान विवाद हुआ और बाद में वह तीन मंजिला मकान से नीचे गिरा मिला. गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया था.

पार्टी में बुलाकर ले जाने का आरोप

मृतक के पिता अरुण कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते रविवार की रात अजय बंगाली, डब्लू पासी और उनके साथ मौजूद अन्य लोग आदर्श को पार्टी में ले गए थे. पिता के मुताबिक, पार्टी का आयोजन जैन मंदिर, नरिया के पीछे स्थित रंजीत विश्वकर्मा के मकान में किया गया था. आरोप है कि रात करीब 12 बजे किसी बात को लेकर आदर्श और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया.

मृतक के पिता का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने आदर्श को जान से मारने की नीयत से तीन मंजिला मकान की छत से नीचे धक्का दे दिया. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आदर्श मकान से कैसे नीचे गिरा और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी. घटना के बाद उसी मकान में किराये पर रहने वाली एक महिला ने आदर्श के परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे.

आदर्श गंभीर रूप से घायल हालत में मिला. परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. चिकित्सकों ने आदर्श की हालत बेहद गंभीर बताई. उसकी स्थिति को देखते हुए उसे कोमा में रखा गया और कई दिनों तक उसका उपचार चलता रहा. परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद आदर्श की हालत में सुधार होगा, लेकिन शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया.

इलाज के दौरान हुई मौत के बाद दर्ज हुई FIR

आदर्श की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया. मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि यह महज गिरने की घटना नहीं बल्कि उनके बेटे की हत्या की गई है. पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने घटना के चार दिन बाद नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच में घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी.

Follow Us