अब दिल्ली दूर नहीं! बनारस से चलेगी हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन, 3.5 घंटे में पूरा होगा सफर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2026 में बनारस-दिल्ली हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान किया है. इस नई सुविधा से बनारस से दिल्ली का सफर मात्र 3.5 घंटे में पूरा होगा, जो वर्तमान में लगने वाले 11 घंटे से काफी कम है. यह पूर्वांचल के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे क्षेत्र की आर्थिक उन्नति को बढ़ावा मिलेगा और लोगों का आवागमन बेहद आसान हो जाएगा.
देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026 में हाईस्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान कर पूर्वांचल को बड़ी सौगात दी है. इस कॉरिडोर के शुरू होने पर बनारस से दिल्ली की यात्रा महज साढ़े तीन घंटे में ही पूरी हो सकेगी. इससे पूर्वांचल के लोग सुबह बनारस से चलकर और दिल्ली में दिन भर अपना काम कर शाम तक वापस अपने घर लौट सकेंगे. अभी इस यात्रा में 11 घंटे या इससे भी अधिक का समय लगता है. इसके अलावा पुराने कॉरिडोर को भी अपग्रेड करने से पूर्वांचल का राजधानी दिल्ली, लखनऊ समेत अन्य शहरों के लिए आवागमन आसान हो जाएगा.
बता दें कि वित्त मंत्री ने देश में सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान किया है. इसमें दो हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर यूपी से ही शुरू होते हैं. इनमें बनारस दिल्ली और बनारस सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर शामिल है. इन दोनों कॉरिडोर के बनने से पूर्वांचल के लोगों का दिल्ली और बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल तक का सफर आसान और आरामदेह हो जाएगा. लोग हवाई जहाज की स्पीड से अपने गंतव्य को जा सकेंगे. इससे संबंधित क्षेत्र के लोगों को आर्थिक उन्नति में मदद भी मिलेगी.
विशेष फ्रेट कॉरिडोर का भी प्रस्ताव
केंद्रीय बजट में वित्त मंत्री ने एक विशेष फ्रेट कॉरिडोर का भी ऐलान किया है. यह फ्रेट कॉरिडोर पश्चिम बंगाल के डंकुनी से गुजरात में सूरत तक होगा. वित्त मंत्री के मुताबिक पर्यावरण के अनुकूल मालवहन के लिए इस कॉरिडोर की पिरकल्पना की गई है. यह कॉरिडोर भी यूपी से होकर जाएगा. निश्चित रूप से इस कॉरिडोर के जरिए यूपी का नेटवर्क पश्चिम बंगाल के साथ ही बिहार, गुजरात और राजस्थान आदि राज्यों के साथ बेहतर हो सकेगा.
यात्री सुविधाओं पर खर्च होंगे 12 लाख करोड़
केंद्रीय बजट की रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सराहना की है. उन्होंने कहा कि इन हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से संबंधित राज्यों के ट्रांसपोर्ट सिस्टम में ब़ड़ा बदलाव आने वाला है. इस सुविधा के लिए वित्त मंत्री ने बजट में रेलवे के लिए 27 लाख करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया है. इसी के साथ कुल 29 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की घोषणा की है. इसमें से 12 लाख करोड़ रुपये का व्यय यात्री सुविधाओं और यात्रा के दौरान सुरक्षा पर किया जाएगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल देश के पहले हाई स्पीड रेल कॉरिडोर मुंबई-अहमदाबाद पर तेजी से काम चल रहा है.