वाराणसी में इटली के पर्यटक ने काटा बवाल, लोगों ने की पिटाई फिर पुलिस को सौंपा

वाराणसी में एक इटालियन पर्यटक ने लोगों के घरों में घुसकर जमकर उत्पात मचाया और मारपीट की. हद पार होने पर स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया. घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे काबू किया. पर्यटक को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया है.

वाराणसी में इटालियन पर्यटक का हंगामा: घर में घुसकर उपद्रव

वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को इटली के एक पर्यटक ने जमकर उत्पात मया. बताया जा रहा है कि पर्यटक ने स्थानीय लोगों से बदसलूकी की, घरों में घुस गया और सामान फेंककर हंगामा करने लगा. काफी देर तक समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो लोगों ने जमकर धुनाई कर दी. साथ ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.

पूरी घटना वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के सप्तसागर इलाके की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विदेशी पर्यटक कई घंटों तक इलाके में इधर-उधर घूमता रहा. इस दौरान वह कुछ घरों में घुस गया और वहां रखे सामान के साथ छेड़छाड़ करने लगा. उसके व्यवहार से महिलाएं और बच्चे घबरा गए. लेकिन जब स्थिति बिगड़ती गई तो कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी.

विदेशी पर्यटक साइकैटरिस्ट हॉस्पिटल रेफर

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी जद्दोजहद के बाद पर्यटक को काबू करने में सफल हुए. बताया जा रहा है कि पर्यटक नेशे की हालत में था. पुलिस उसे नजदीकी मंडलीय अस्पताल कबीर चौरा लेकर गई. जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विदेशी पर्यटक को नशे या मानसिक परेशानी के चलते साइकैटरिस्ट हॉस्पिटल रेफर किया.

मंडलीय अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल अफसर डॉक्टर जेएस मिश्रा ने बताया कि विदेशी पर्यटक मेंटल लेवल पर डिस्टर्ब दिख रहा था. इसलिए उसे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ (साइकियाट्रिस्ट) से परामर्श के लिए रेफर किया गया है. इस संबंध में कोतवाली थाने पुलिस के अलावा कंसर्न एजेंसियां भी कार्रवाई कर रही हैं.

कोतवाली सर्कल के एसीपी ने क्या कुछ कहा?

कोतवाली सर्कल के एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि विदेशी पर्यटक की पहचान इटली निवासी फेबियो के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में वह नशे की हालत में प्रतीत हुआ. उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह लोगों के घरों में घुसकर उत्पात मचा रहा है और मारपीट भी हो रही है. पुलिस ने कार्रवाई के बाद उसे कंसर्न एजेंसियों को सौंप दिया.

Follow Us