रामपुर और ललितपुर को मिले नए पुलिस कप्तान, लखनऊ कमिश्नरेट में भी बदलाव

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को पांच आईपीएस अधिकारियों के तबादले करते हुए कई अहम जिलों और इकाइयों में नई तैनातियां की हैं. अनिल कुमार सिंह को रामपुर का नया पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है, जबकि रामपुर के एसपी सोमेंद्र मीणा को क्षेत्रीय अभिसूचना (आगरा) भेजा गया है. ललितपुर के एसपी मोहम्मद मुस्ताक अब लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी होंगे और उनकी जगह संजीव कुमार बाजपेयी को ललितपुर का नया एसपी नियुक्त किया गया है.

संजीव कुमार बाजपेयी बने ललितपुर के SP

उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के तबादले किए हैं. जारी तबादला सूची के अनुसार पांच आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इस फेरबदल में रामपुर और ललितपुर के पुलिस अधीक्षकों का तबादला किया गया है, जबकि लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिला है.

तबादला आदेश के अनुसार, 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में सुरक्षा शाखा के पुलिस अधीक्षक पद से हटाकर रामपुर का पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया है. वहीं रामपुर के मौजूदा एसपी सोमेंद्र मीणा (2017 बैच) का तबादला क्षेत्रीय अभिसूचना (रीजनल इंटेलिजेंस), आगरा में पुलिस अधीक्षक के पद पर किया गया है.

संजीव कुमार बाजपेयी बने ललितपुर के SP

इसी क्रम में 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी मोहम्मद मुस्ताक, जो अब तक ललितपुर के पुलिस अधीक्षक थे, उन्हें पुलिस उपायुक्त (DCP), लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है. उनकी जगह 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी संजीव कुमार बाजपेयी, जो अभी तक 43वीं वाहिनी पीएसी, एटा में सेनानायक थे, अब ललितपुर के नए एसपी होंगे.

इसके अलावा 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी गोपाल कृष्ण चौधरी, जो लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थे, उनका तबादला 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ में सेनानायक के रूप में किया गया है. सरकार की ओर से किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

खासकर रामपुर और ललितपुर जैसे संवेदनशील जिलों में नए पुलिस कप्तानों की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Follow Us